Surya Grahan (Solar Eclipse) 2024, 2025, 2026 Date and Time in India: 2024 में पहला सूर्यग्रहण 8 अप्रैल 2024 को लगा था। यह साल का पहला पूर्ण सूर्यग्रहण था। और अब एक बार फिर अगले महीने आसमान में सूर्य ग्रहण का अद्भुत नजारा दिखाई देगा। दुनियाभर में वैज्ञानिकों के साथ-साथ लोगों को भी इस अभूतपूर्व नजारे का इमतजार है। ग्रहण को आसमान में घटित होने वाली सबसे अद्भुत खगोलीय घटना में से एक माना जाता है। साल 2024 का अगला सूर्यग्रहण कब है? अगले साल यानी 2025 में कितने सूर्य ग्रहण होंगे? 2026 में कब-कब सूर्य ग्रहण लगेगा? आपको बताते हैं कि आखिर कब दिखेगा आने वाले सालों में सूर्य ग्रहण…
कब लगता है सूर्य ग्रहण?
सूर्य ग्रहण के दौरान पृथ्वी और सूरज के बीच से जब चंद्रमा गुजरता है तो कुछ वक्त के लिए सूर्य को ढक लेता है। इस दौरान चंद्रमा के बीच में आने से सूर्य की रोशनी सीधे पृथ्वी पर नहीं आ पाती और कुछ जगहों पर अंधेरा छा जाता है।
8 अप्रैल 2024 को लगे पूर्ण सूर्य ग्रहण को उत्तरी अमेरिका, मेक्सिको, यूनाइटेड स्टेट्स और कनाडा में देखा गया था। सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी के एक सीध में आने की यह घटना न्यू मून के दौरान होती है। हिंदू कैलेंडर में अमावस्या तिथि को सूर्य ग्रहण लगता है।
2024 में सूर्य ग्रहण (Solar Eclipses in 2024)
जैसा कि हमने बताया कि साल 2024 का पहला सूर्य ग्रहण अप्रैल महीने की 8 तारीख को लग चुका है। जबकि इस साल का दूसरा ग्रहण 2 अक्तूबर को लगेगा और यह वलयाकार ग्रहण साउथ अमेरिका, अंटार्कटिका, प्रशांत महासागर, अटलांटिक महासागर और नॉर्थ अमेरिका में दिखाई देगा। पहले सूर्य ग्रहण की तरह ही दूसरा Solar Eclipse भी भारत में दिखाई नहीं देगा।
साल 2024 का दूसरा सूर्य ग्रहण रात 9 बजकर 13 मिनट पर शुरू होकर सुबह 3 बजकर 17 मिनट तक चलेगा। यानी वलयाकार सूर्य ग्रहण कुल 6 घंटे 4 मिनट तक रहेगा।
2025 में सूर्य ग्रहण (Solar Eclipses in 2025)
साल 2025 में भी 2024 की तरह ही कुल दो सूर्य ग्रहण होंगे। 2025 में पहला सूर्य ग्रहण 29 मार्च को लगेगा। यह आंशिक सूर्य ग्रहण एशिया, यूरोप, अफ्रीका, नॉर्थ अमेरिका, अटलांटिक महासागर और आर्कटिक महासागर के हिस्सों में दिखाई देगा।
2025 का दूसरा सूर्य ग्रहण 21 सितंबर 2025 को पड़ेगा। इस आंशिक सूर्य ग्रहण को ऑस्ट्रेलिया, अंटार्कटिक, प्रशांत महासागर और अटलांटिक महासागर के इलाकों में देखा जा सकेगा।
2026 में सूर्य ग्रहण (Solar Eclipses in 2026)
साल 2026 में पहला सूर्य ग्रहण फरवरी महीने की 17 तारीख को लगेगा। यह एक वलयाकार ग्रहण होगा और अंटार्कटिका के कुछ हिस्सों के अलावा साउथ अमेरिका, अफ्रीका, प्रशांत महासागर, अटलांटिक महासागर और हिंद महासागर के हिस्सों में दिखाई देगा।
2026 के दूसरे सूर्य ग्रहण की बात करें तो यह 12 अगस्त को लगेगा। यह एक पूर्ण सूर्य ग्रहण (Total Solar Eclipse) होगा और आइसलैंड, ग्रीनलैंड, रूस, स्पेन और पुर्तगाल के कुछ इलाकों में ही दिखाई देगा। इसी वक्त आंशिक ग्रहण (Partial Solar Eclipse) अफ्रीका, यूरोप, आर्कटिक महासागर, अटलांटिक महासागर और प्रशांत महासागर के हिस्सों में दिखाई देगा।