साल 2024 में कुल दो सूर्य ग्रहण (Solar Eclipse) लगे थे। पहला पूर्ण सूर्य ग्रहण अप्रैल जबकि दूसरा सू्र्यग्रहण अक्टूबर में लगा था। बात करें अगले सूर्य ग्रहण (Next Solar Eclipse) की तो अब मार्च 2025 में अगला सूर्य ग्रहण लगेगा। जी हां, नए साल के तीसरे महीने में आसमान में एक बार फिर ग्रहण का अद्भुत नजारा दिखाई देगा। मार्च 2025 में आंशिक सूर्य ग्रहण (Partial Solar Eclipse) लगेगा। गौर करने वाली बात है कि 2024 का आखिरी सूर्य ग्रहण वलयाकार ग्रहण (Annular Solar Eclipse) था जो 2 अक्टूबर को लगा था।

कब होता है सूर्य ग्रहण?

सूर्य ग्रहण वह खगोलीय घटना है जब सूर्य और पृथ्वी के बीच चंद्रमा आ जाता है। इस दौरान चंद्रमा, कुछ वक्त के लिए सूर्य को ढक लेता है और पृथ्वी पर अंधेरा हो जाता है। इसी स्थिति को सूर्य ग्रहण कहा जाता है।

Surya Grahan (Solar Eclipse) 2025 Date and Time

साल 2025 का पहला सूर्य ग्रहण 29 मार्च 2025 को लगेगा। वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह एक आंशिक सूर्य ग्रहण (Partial Solar Eclipse) होगा। यह आंशिक सूर्य ग्रहण भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगा और शाम 6 बजकर 13 मिनट पर खत्म होगा।

क्या भारत में दिखेगा अगला सूर्य ग्रहण

2024 में दिखे दोनों ग्रहण की तरह ही अगला सूर्य ग्रहण भी भारत में नहीं दिखेगा। जी हां, मार्च 2025 में दिखने वाला Solar Eclipse भारत में नजर नहीं आएगा।

कहां-कहां दिखेगा 2025 का पहला सूर्य ग्रहण

2025 का पहला सूर्य ग्रहण यूरोप, एशिया, अफ्रीका, नॉर्थ अमेरिका, साउथ अमेरिका के अलावा अटलांटिक और आर्कटिक महासागर के इलाकों में देखा जा सकेगा।

क्या होता है आंशिक सूर्य ग्रहण?

आंशिक सूर्यग्रहण में जब चन्द्रमा सूर्य व पृथ्वी के बीच में इस प्रकार आए कि सूर्य का कुछ ही भाग पृथ्वी से दिखाई नहीं देता है अर्थात चन्दमा, सूर्य के केवल कुछ भाग को ही अपनी छाया में ले पाता है। इससे सूर्य का कुछ भाग ग्रहण ग्रास में तथा कुछ भाग ग्रहण से अप्रभावित रहता है तो पृथ्वी के उस भाग विशेष में लगा ग्रहण आंशिक सूर्य ग्रहण कहलाता है।