Blood Moon 2025: एशिया और यूरोप के करोड़ों लोग आज (7 सितंबर 2025) एक पूर्ण चंद्रग्रहण (Total Lunar Eclipse) देखने वाले हैं, जिसमें चांद गहरे लाल रंग का यानी ब्लड मून नज़र आएगा। यह खगोलीय घटना 7 और 8 सितंबर की रात को होने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एशिया, वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया और यूरोप में आकाश प्रेमी इस लाल चांद का दीदार कर पाएंगे।
7 सितंबर को शाम 5:11 बजे EDT (भारतीय समयानुसार लगभग 2:41 AM IST) पर चंद्रग्रहण अपने अधिकतम फेज पर पहुंच जाएगा, यानी चांद पूरी तरह पृथ्वी की गहरी छाया (अम्बरल शैडो) में ढक जाएगा। जब चांद पूरी तरह से इस छाया में डूब जाता है, तो उसे टोटलिटी (Totality) कहते हैं। इस बार यह चरण लगभग 82 मिनट तक चलेगा। क्योंकि अलग-अलग टाइम ज़ोन में इसका समय अलग-अलग होगा, इसलिए चंद्रग्रहण कई क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर नज़र आएगा। अनुमान है कि दुनिया की लगभग 77% आबादी इस ग्रहण के पूरे टोटल फेज़ को देख सकेगी।
कहां-कितने बजे लगेगा चंद्र ग्रहण
लंदन (BST): चांद पहले से ग्रहण की स्थिति में 7:30 से 7:52 PM के बीच उदित होगा।
पेरिस (CEST) और केपटाउन (SAST): 7:30 से 8:52 PM तक दिखाई देगा।
इस्तांबुल, काहिरा और नैरोबी (EEST/EAT): 8:30 से 9:52 PM तक नज़र आएगा।
तेहरान (IRST): 9:00 से 10:22 PM तक।
मुंबई (IST): 11:00 PM से 12:22 AM तक।
बैंकॉक (ICT): 12:30 से 1:52 AM तक।
बीजिंग (CST), हांगकांग (HKT) और पर्थ (AWST): 1:30 से 2:52 AM तक।
टोक्यो (JST): 2:30 से 3:52 AM तक।
सिडनी (AEST): 3:30 से 4:52 AM तक।
पूर्ण चंद्रग्रहण के दौरान क्या होता है?
चंद्रमा सबसे पहले पृथ्वी की आंशिक छाया (पेनुम्ब्रल शैडो) में प्रवेश करता है, जिससे ग्रहण की शुरुआत होती है। जैसे-जैसे चंद्रमा पृथ्वी की पूर्ण छाया (अम्बरल शैडो) में गहराई तक जाता है, एक गहरी छाया उसकी सतह पर पड़ने लगती है। अंततः जब वह पूरी तरह से ढक जाता है तो इसे टोटलिटी (पूर्णता) कहते हैं। इसी दौरान चांद लाल-नारंगी रंग का दिखाई देता है। चंद्रमा का रंग मुख्य रूप से पृथ्वी के वायुमंडलीय हालात पर निर्भर करता है।
7-8 सितंबर का यह लूनर इक्लिप्स ठीक उस समय हो रहा है जब चंद्रमा अपनी कक्षा में पृथ्वी के सबसे नज़दीकी बिंदु (पेरिजी) से सिर्फ 2.7 दिन दूर होगा। इस कारण चांद सामान्य से थोड़ा बड़ा नजर आएगा। जब वह पृथ्वी की सबसे गहरी छाया (अम्बरल शैडो) से गुजरेगा, तब उसका रंग गहरा और गाढ़ा लाल दिखाई देने की उम्मीद है।
एशिया और ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले दर्शकों को इसका सबसे बेहतरीन अनुभव होगा क्योंकि टोटलिटी के समय चांद आसमान के काफी ऊपर दिखाई देगा। यह न सिर्फ नंगी आंखों से देखने बल्कि फोटोग्राफी के लिए भी एकदम परफेक्ट होगा।
वहीं यूरोप और अफ्रीका में यह ग्रहण चांद निकलने (मूनराइज) के समय दिखाई देगा, जिससे आसमान के क्षितिज पर बेहद शानदार नज़ारा देखने को मिलेगा।
चंद्र ग्रहण लाइव स्ट्रीमिंग
Timeanddate.com पर एक सिटी लुकअप टूल उपलब्ध है, जहां आप अपने शहर का नाम एंटर करके चंद्रग्रहण का सटीक समय जान सकते हैं।
अगर आप ऐसे क्षेत्र में नहीं हैं जहां से चंद्रग्रहण दिखाई देगा, तो भी आप इसे लाइव देख सकते हैं। इटालियन खगोलभौतिकीविद जियानलुका मासी द्वारा संचालित Virtual Telescope Project यूट्यूब पर इस चंद्रग्रहण और “ब्लड मून” का सीधा प्रसारण करेगा।