Xiaomi अपने घरेलू मार्केट चीन में Redmi Note 12 Series को लॉन्च करने की तैयारी में है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, रेडमी नोट 12 सीरीज को चीन में 27 अक्टूबर को लॉन्च किया जाएगा। रेडमी नोट 12 सीरीज में कंपनी द्वारा Redmi Note 12, Redmi Note 12 Pro और Redmi Note 12 Pro+ स्मार्टफोन लॉन्च किए जा सकते हैं। लॉन्च से पहले अब शाओमी ने पुष्टि कर दी है कि रेडमी नोट 12 प्रो+ में 200MP सैमसंग ISOCELL HPX सेंसर मिलेगा।
इसके अलावा, रेडमी नोट 12 के भारत आने वाले वेरियंट को भी ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स डेटाबेस पर देखा गया है। आपको बताते हैं रेडमी नोट 12 प्रो+ के कैमरे और दूसरी सभी जानकारी…
Redmi Note 12 Pro+ Camera
शाओमी ने पुष्टि कर दी है कि रेडमी नोट 12 प्रो+ स्मार्टफोन में 1/1.4 इंच सेंसर साइज़ और 2.24μm के साथ 200 मेगापिक्सल सैमसंग ISOCELL HPX सेंसर दिया जाएगा। सैमसंग HPX का ऐलान कुछ दिनों पहले ही किया गया है। ब्रैंड का कहना है कि सैमसंग ISOCELL HPX सेंसर, सोनी IMX766 से करीब 24 फीसदी बड़ा है। इसके अलावा शाओमी ने अभी तक डिवाइस से जुड़ी कोई जानकारी नहीं दी है। हालांकि, टीजर से पुष्टि हुई है कि रेडमी नोट 12 प्रो+ में रेडमी नोट 12 प्रो वाली झलक देखने को मिलेगी और इसमें ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप होगा।
डिजाइन की बात करें तो रेडमी नोट 12 सीरीज के कैमरा मॉड्यूल की डिजाइन, चीन में कुछ महीनों पहले लॉन्च हुई रेडमी नोट 11टी सीरीज जैसी ही है। याद दिला दें कि भारत में रेडमी नोट 11टी प्रो को रेडमी के50i नाम से लॉन्च किया गया था।
शाओमी ने पुष्टि कर दी है कि रेडमी नोट 12 प्रो में कंपनी Sony IMX766 सेंसर का इस्तेमाल करेगी। रेडमी नोट 12 प्रो, मीडियाटेक डाइमेंसिटी 1080 प्रोसेसर के साथ आने वाला पहला स्मार्टफोन भी होगा। रेडमी नोट 12 प्रो में 120W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलेगा। 3C सर्टिफिकेशन के मुताबिक, रेडमी नोट 12 प्रो+ में 210W फास्ट चार्जिंग मिलने की उम्मीद है।
Redmi Note 12 Details
रेडमी नोट 12 सीरीज को चीन में लॉन्च करने से पहले ही रेडमी नोट 12 को IMEI डेटाबेस और BIS सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर देखा गया है। डिवाइस को IMEI डेटाबेस पर मॉडल नंबर 22101316G के साथ देखा गया है।
रेडमी नोट 12 इंडियन वेरियंट को BIS सर्टिफिकेशन साइट पर देखा गया है। जाने-माने टिप्स्टर मुकुल शर्मा ने रेडमी नोट 12 को मॉडल नंबर 22101316I के साथ ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स डेटाबेस पर देखा है।