Xiaomi के सब-ब्रैंड रेडमी ने इस साल भारत में अब तक कई स्मार्टफोन लॉन्च किए हैं। कंपनी भारत में Redmi 10 और Redmi 10A बजट हैंडसेट पेश कर चुकी है। लेकिन अभी तक कंपनी ने Redmi C स्मार्टफोन को भारत में उपलब्ध नहीं कराया है। अब ऐसा लगता है कि रेडमी 10 सीरीज में एक और स्मार्टफोन जल्द भारत में लॉन्च होने वाला है। एक लीक में Redmi 10 Series के नए फोन के बारे में जानकारी सामने आई है।
टिप्स्टर मुकुल शर्मा ने ट्विटर पर एक स्क्रीन शॉट शेयर किया है। इस स्क्रीनशॉट में शाओमी इंडिया की वेबसाइट पर Redmi 10 2022 नाम के फोन को देखा जा सकता है। फिलहाल इस नाम के अलावा डिवाइस से जुड़ी कोई जानकारी नहीं है। फोन के नाम में 5G का जिक्र नहीं है, इसलिए माना जा रहा है कि कंपनी 4G डिवाइस ही भारत में लाएगी। उम्मीद है कि कंपनी भारत में Redmi 10C को लॉन्च कर सकती है।
रेडमी भारत में सबसे ज्यादा 10,000 रुपये से 13,000 रुपये के बीच डिवाइस लॉन्च करती है। भारत में कंपनी फुलएचडी डिस्प्ले वाले फोन ला सकती है। फिलहाल कंपनी ने भारत में किसी डिवाइस को लॉन्च करने के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। इसलिए लीक पर आधारित इस जानकारी पर पूरी तरह भरोसा ना करें।
भारत में पहेल ही रेडमी 10 स्मार्टफोन लॉन्च हो चुका है और उम्मीद है कि रेडमी 10 2022 में भी कुछ फर्क के साथ, रेडमी 10 वाले स्पेसिफिकेशन्स हो सकते हैं।
Redmi 10 Specificatios
रेडमी 10 स्मार्टफोन में 6.71 इंच एलसीडी डिस्प्ले दी गई है जो एचडी+ 720 x 1650 पिक्सल रेजॉलूशन और 60 हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट के साथ आती है। रेडमी के इस फोन में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 680 प्रोसेसर दिया गया है। फोन में 6 जीबी तक रैम और 28 जीबी UFS 2.2 स्टोरेज दी गई है। फोन की स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए बढ़ाया जा सकता है। स्मार्टफोन को पावर देने के लिए 18W फास्ट चार्जिंग के साथ 6000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है।
रेडमी 10 फोन ऐंड्रॉयड 11 बेस्ड MIUI 13 के साथ आता है। कैमरे की बात करें तो फोन में 50 मेगापिक्सल प्राइमरी और 2 मेगापिक्सल डेप्थ सेंसर हैं। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है। इसके अलावा रेडमी का यह फोन ड्यूल सिम कार्ड स्लॉट, माइक्रोएसडी कार्ड स्लॉट के साथ आता है। फोन में कनेक्टिविटी के लिए ड्यूल-बैंड वाई-फाई, ब्लूटूथ 5.0, 3.5 एमएम हेडफोन जैक, यूएसबी टाइप-सी पोर्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं।