Xiaomi जल्द ही अपना एक और स्मार्टफोन मार्केट में लेकर आने वाली है। इसके लिए कंपनी जल्द ही एक ग्लोबल इवेंट आयोजित करने वाली है। इस इवेंट में Xiaomi Mi A2 को लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। इस डिवाइस के बारे में पहले भी जानकारियां लीक हो चुकी हैं। अब Xiaomi Mi 6X के ग्लोबल वेरिएंट Xiaomi Mi A2 की वास्तविक तस्वीर सामने आई है। इसमें Mi A2 का डिस्प्ले ऑन नजर आ रहा है। स्क्रीन पर ‘अबाउट फोन’ सेक्शन नजर आ रहा है। इससे पता चला है कि फोन स्टॉक एंड्रॉयड के साथ आएगा और कई अन्य स्पेसिफिकेशन भी सार्वजनिक हो गए हैं। Slash Leaks द्वारा इस हैंडसेट की फोटो साझा की गई है। इसकी स्क्रीन पर सेटिंग्स मेन्यू का अबाउट फोन सेक्शन नजर आ रहा है। इमेज से पुष्टि होती है कि यह वाकई में Xiaomi Mi A2 मॉडल है जो एंड्रॉयड 8.1 ओरियो पर चलता है।
इसके ऊपर कोई MIUI स्किन नहीं है। इसमें मई का सिक्योरिटी पैच भी इंस्टॉल है। तस्वीर से जानकारी मिली है कि Xiaomi Mi A2 स्नैपड्रैगन 660 प्रोसेसर पर चलेगा। यह जानकारी पहले भी आ चुकी है। Xiaomi ने बीते साल अपने Xiaomi Mi A1 Android One स्मार्टफोन को लॉन्च करने के लिए एक ग्लोबल इवेंट आयोजित किया था। यह चीन में लॉन्च किए गए Xiaomi Mi 5X का ग्लोबल अवतार है। यह एंड्रॉयड वन डिवाइस स्टॉक एंड्रॉयड पर चलता है। कंपनी ने इस खास फोन के लिए मीयूआई स्किन से दूरी बनाई थी। इस साल कंपनी ने चीन में अप्रैल में Xiaomi Mi6 X को लॉन्च किया था।
कंपनी ने ग्लोबल इवेंट की तारीख और जगह के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। पिछले साल ग्लोबल इवेंट भारत में आयोजित हुआ था। Xiaomi Mi A2 स्मार्टफोन के बारे में कई बार जानकारी लीक हो चुकी है। लिस्टिंग के मुताबिक, Xiaomi Mi A2 का 32GB वेरिएंट करीब 19,800 रुपए का है। 64GB मॉडल की कीमत करीब 22,500 रुपये है और 128GB इनबिल्ट स्टोरेज वाले वेरिएंट का दाम करीब 25,200 रुपए होगा। Xiaomi Mi A2 एंड्रॉयड वन पर चलेगा। इसमें Mi 6X की तरह 5.99 इंच का फुल-एचडी+ (1080×2160 पिक्सल) डिस्प्ले दिए जाने की उम्मीद है। इसमें क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 660 प्रोसेसर का इस्तेमाल होगा।