Samsung स्मार्टफोन में कुछ नया करने के मामले में आगे रहती है। अब कंपनी ने दुनिया का पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन लॉन्च किया है। इस फोन का नाम Samsung Galaxy Fold है। Galaxy Fold में दो डिस्प्ले दिए गए हैं। जब यह फोल्डेबल फोन, स्मार्टफोन मोड में होगा तो इसका स्क्रीन साइज 4.6 इंच होगा। वहीं, जब यह फोन टैबलेट मोड में होगा तो इसका स्क्रीन साइज 7.3 इंच होगा। Samsung Galaxy Fold फोन थ्री-ऐप मल्टीटास्किंग के साथ आया है। यानी, यूजर एक ही समय में तीन ऐप्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें 6 कैमरे दिए गए हैं। फोन के फ्रंट पैनल पर एक कैमरा, फोन के रियर पैनल पर तीन कैमरे और 2 कैमरे फोन के अंदर दिए गए हैं। इसमें 12GB की रैम दी गई है। वहीं इसकी इंटरनल मैमोरी 128GB की है। सिक्योरिटी के लिए इमसें फिंगरप्रिंट स्कैनर दिया गया है। फोन को पावर देने के लिए इसमें 2 बैटरी दी गई हैं। यह फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है। अब इसकी कीमत की बात करें तो Galaxy Fold की कीमत 1,980 डॉलर (1.41 लाख रुपये ) है। सैमसंग Galaxy Fold 26 अप्रैल से उपलब्ध होगा।

इसके अलावा सैंमसंग ने 3 और फोन भी लॉन्च किए हैं। यह फोन Samsung Galaxy S10, Samsung Galaxy S10+ और Samsung Galaxy S10e हैं। तीनों ही स्मार्टफोन के प्रोसेसर, एचडीआर10+ सर्टिफिकेशन के साथ डायनमिक एमोलेड डिस्प्ले, फास्ट वायरलेस चार्जिंग 2.0 और वायरलेस पावरशेयर जैसे फीचर एक जैसे हैं। Samsung Galaxy S10 और Galaxy S10+ के ज़रिए कंपनी ने पहली बार अपने डिवाइस में अल्ट्रासोनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर का इस्तेमाल किया है। वहीं Samsung Galaxy S10e में कैपसिटिव फिंगरप्रिंट सेंसर है। कंपनी ने इवेंट में Samsung Galaxy S10 5G वेरिएंट को भी पेश किया है। यह 6.7 इंच डिस्प्ले, 3D डेप्थ कैमरा और 4,500 एमएएच की बैटरी से लैस है।

इनकी कीमत की बात करें तो सैमसंग Samsung Galaxy S10 की कीमत 899.99 डॉलर (करीब 63,900 रुपये) से शुरू होती है। यह प्रिज़्म ब्लैक, प्रिज़्म ब्लू, प्रिज़्म ग्रीन और प्रिज़्म व्हाइट कलर में उपलब्ध होगा। दूसरी तरफ, Samsung Galaxy S10+ की कीमत 999.99 डॉलर (करीब 71,000 रुपये) से शुरू होती है। यह प्रिज़्म ब्लैक, प्रिज़्म ब्लू, प्रिज़्म ग्रीन और प्रिज़्म व्हाइट रंग के अलावा सेरामिक ब्लैक व सेरामिक व्हाइट रंग में भी उपलब्ध होगा। Samsung Galaxy S10e की कीमत 749.99 डॉलर (करीब 53,300 रुपये) से शुरू होती है। यह कैनेरी यलो के अलावा प्रिज़्म ब्लैक, प्रिज़्म ब्लू, प्रिज़्म ग्रीन और प्रिज़्म व्हाइट रंग में उपलब्ध होगा।