OnePlus Nord 3 Explodes: OnePlus ने हाल ही में भारत में अपनी Nord Series का लेटेस्ट स्मार्टफोन लॉन्च किया है। अब OnePlus Nord 3 स्मार्टफोन में ब्लास्ट होने की जानकारी सामने आई है। एक यूजर ने X (ट्विटर) पर वनप्लस नॉर्ड 3 में विस्फोट होने की जानकारी दी। वनप्लस के इस स्मार्टफोन को ऐमजॉन इंडिया से 18 जुलाई 2023 को खरीदा गया था।
यूजर रितेश कुमार मीना के मुताबिक, उन्होंने ऐमजॉन इंडिया से 21 जुलाई 2023 को वनप्लस नॉर्ड 3 स्मार्टफोन लिया था। और आधी रात को इस फोन में विस्फोट हो गया। रितेश का कहना है कि उनका 8 साल का बेटा इस हादसे में जैसे-तैसे बच गया। लेकिन उसके सुनने की क्षमता कम हुई है और कई दूसरी शारीरिक और मानसिक समस्या हो रही हैं। फिलहाल चौथी क्लास में पढ़ रहे रितेश के बेटे का इलाज चल रहा है।
रितेश का कहना है कि भगवान की कृपा से उनकी और उनके पूरे परिवार की जान इस हादसे में बच गई। लेकिन उनका पूरा परिवार सदमे में है।
राजधानी दिल्ली में रहने वाले रितेश ने वनप्लस इंडिया (OnePlus India), ऐमजॉन (Amazon), ओप्पो इंडिया (Oppo India) और दर्शिता इलेक्ट्रॉनिक्स के मैनेजिंग डायरेक्टर्स के खिलाफ केस पुलिस शिकायत दर्ज करा दी है। रितेश का कहना है कि इसके साथ ही उन्होंने वनप्लस और ऐमजॉन के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी कई शिकायत दर्ज करने का प्रयास किया लेकिन उनके ट्विटर अकाउंट को कंपनियों ने ब्लॉक कर दिया।
रितेश ने सोशल मीडिया पर बताया कि वनप्लस कंपनी की टीम ने उनके घर आकर ब्लास्ट हुए फोन को हैंडओवर करने को कहा। लेकिन उन्होंने इसे कंपनी द्वारा सबूत मिटाने की कोशिश बताया।
बता दें कि साल 2022 में भी वनप्लस नॉर्ड 2 (OnePlus Nord 2) स्मार्टफोन में ब्लास्ट की खबरें सामने आई थीं। कई यूजर्स ने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शिकायत दर्ज कराई थी। फिलहाल कंपनी के सोशल मीडिया अकाउंट पर मल्टीपल यूजर्स ने फोन में ग्रीन लाइन की समस्या की जानकारी दी है।
jansatta.com ने इस मामले पर वनप्लस से बात की तो कंपनी ने बताया कि फिलहाल संबंधित टीम इस मामले की जांच कर रही है। और कंपनी ने यूजर को फोन की डिस्प्ले मुफ्त में बदलकर देने का ऑफर दिया है।