OnePlus Ace 2 Pro Launch: वनप्लस ने आखिरकार पुष्टि कर दी है कि नए वनप्लस एस 2 प्रो स्मार्टफोन को 24 जीबी रैम के साथ लॉन्च किया जाएगा। इससे पहले OnePlus ने जानकारी दी थी कि ऐरोस्पेस-ग्रेड 3D कूलिंग के साथ आने वाला OnePlus Ace 2 Pro दुनिया का पहला स्मार्टफोन होगा। अब कंपनी ने रैम से जुड़ा एक नया टीजर जारी किया है। आपको बताते हैं वनप्लस एस 2 प्रो के बारे में अब तक सामने आई हर जानकारी के बारे में…

पॉप्युलर टिप्स्टर Digital Chat Station ने आने वाले स्मार्टफोन की एक रेंडर इमेज हाल ही में शेयर की थी। डिवाइस को इससे पहले 3C सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर भी देखा गया। बता दें कि कंपनी ने पहले ही वनप्लस एस 2 प्रो को अगस्त 2023 में चीन में लॉन्च करने की पुष्टि कर दी है। इके अलावा बेंचमार्क वेबसाइट GeekBench लिस्टिंग से डिवाइस के कुछ स्पेसिफिकेशन्स का भी पता चला है।

OnePlus Ace 2 Pro स्पेसिफिकेशन्स

वनप्लस द्वारा शेयर किए गए टीजर से पुष्टि होती है कि कंपनी आने वाले वनप्लस एस 2 प्रो के बेस वेरियंट में 12 जीबी रैम देगी। ऐसा लगता है कि कंपनी के आने वाले फ्लैगशिप लेवल स्मार्टफोन में 8GB रैम अब नहीं मिलेगी। वनप्लस का कहना है कि आने वाले Ace 2 Pro को 16 जीबी रैम और 24 जीबी रैम वेरियंट में भी उपलब्ध कराया जाएगा। गौर करने वाली बात है कि टिप्स्टर ने इससे पहले खुलासा किया था कि वनप्लस और रियलमी जल्द 24 जीबी रैम वाले स्मार्टफोन पेश करेंगी।

वनप्लस ने संकेत दिए हैं कि OnePlus Ace 2 Pro में इंडस्ट्री-एक्सक्लूसिव गेमिंग फीचर्स दिए जाएंगे। फोन में 6.74 इंच कर्व्ड OLED डिस्प्ले हो सकती है। डिस्प्ले 1.5K रेजॉलूशन और 120 हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट के साथ आ सकती है। गीकबेंच लिस्टिंग से स्मार्टफोन में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 8 Gen 2 प्रोसेसर मिलने का भी पता चला था।

अभी तक वनप्लस ने फोन की स्टोरेज को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। लेकिन एक रिपोर्ट से संकेत मिले थे कि बेस वेरियंट में 256 जीबी स्टोरेज और टॉप-ऐंड वेरियंट में 1TB स्टोरेज मिलेगी। वनप्लस के इस फोन में ग्राफिक्स के लिए एड्रेनो 740GPU दिया जा सकता है।

OnePlus Ace 2 Pro में ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन के साथ 50 मेगापिक्सल Sony IMX 890 सेंसर होने का पता चला है। जबकि 3C सर्टिफिकेशन से खुलासा हुआ था कि स्मार्टफोन को दो अलग-अलग फास्ट चार्जिंग क्षमता ऑप्शन के साथ उपलब्ध कराया जाएगा। हैंडसेट को 5000mAh बैटरी के साथ 150W और 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी के साथ लाया जा सकता है।

वनप्लस ने पुष्टि कर दी है कि अब वनप्लस 11 सीरीज में और स्मार्टफोन लॉन्च नहीं होंगे। इसके अलावा हाल ही में वनप्लस ने अपने पहले फोल्डेबल फोन OnePlus Open को 2023 की पहली तिमाही में लॉन्च किए जाने की पुष्टि की है। एक लेटेस्ट रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि वनप्लस के फोल्डेबल फोन के लॉन्च में क्वालिटी कंट्रोल की परेशानी के चलते देरी हो सकती है।