न्यू ईयर 2026 का स्वागत करने के लिए गूगल ने अपने होमपेज को एक खास लुक दिया है। जी हां, हम बात कर रहे हैं हर बार की तरह गूगल के होमपेज पर दिखने वाले डूडल की। इस बार का गूगल डूडल चमक, गुब्बारों और पार्टी थीम से भरा हुआ है जो बिल्कुल आधी रात के काउंटडाउन जैसा माहौल बनाता है। यह डूडल 2025 के आख़िरी पलों से 2026 के पहले घंटों में एंट्री को दिखाता है।
नया साल डूडल गूगल की उस परंपरा का हिस्सा है जिसमें वह अपने होमपेज को दुनिया भर के यूजर्स के लिए एक डिजिटल ग्रीटिंग कार्ड की तरह इस्तेमाल करता है। समय के साथ गूगल डूडल सिर्फ स्टिल इमेज तक सीमित नहीं रहे है। बल्कि अब ये बड़े सांस्कृतिक मौकों, त्योहारों और ऐतिहासिक घटनाओं की भावना को रचनात्मक तरीके से दिखाने का जरिया बन गए हैं।
क्यों खास है New Year’s Eve 2025 Doodle
न्यू ईयर ईव 2025 का डूडल (New Year’s Eve 2025 Doodle) खुद गूगल ने डिजाइन किया है। इस गूगल डूडल में न्यू ईयर 2026 ( New Year 2026) को एक पार्टी स्टाइल में मनाते दिखाया गया है।
गूगल ने नए साल 2026 के स्वागत के लिए अपने होमपेज पर खास न्यू ईयर डूडल पेश किया है। इस डूडल में आम गूगल लोगो को गोल्डन, चमकदार अक्षरों में दिखाया गया है। लोगो के बीच में चांदी रंग के गुब्बारों से बना 2025 लिखा है जो माउस ले जाने पर बदलकर 2026 हो जाता है। ये नंबर ऐसे दिखते हैं जैसे बड़े हीलियम गुब्बारे लोगो के ऊपर तैर रहे हों।
होमपेज के नीचे वाले हिस्से में गोल्ड और व्हाइट धारियों वाले दो पार्टी पॉपर फूटते हुए नजर आते हैं जिनसे बैंगनी और गोल्डन कलर की स्ट्रीमर, छोटे सितारे और कंफेटी उड़ती दिखाई देती है।
जैसा कि हमने पहले बताया कि पूरा डूडल आधी रात के जश्न का माहौल दिखाता है जिसमें गुब्बारे, चमक और उड़ती सजावट शामिल है। इसके जरिए गूगल साल 2025 के आखिरी पलों और 2026 की शुरुआत का जश्न मना रहा है।
गूगल डूडल द्वारा शेयर की गई ऑफिशियल जानकारी में कहा गया है, “यह सालाना डूडल दुनिया भर में न्यू ईयर ईव का जश्न मनाता है, जब अरबों लोग दोस्तों और परिवार के साथ बीते साल को याद करते हैं और नए साल का स्वागत करते हैं। जल्द ही घड़ी आधी रात का समय बताएगी और 2026 की औपचारिक शुरुआत होगी।”
