हिंदी सिनेमा के अभिनेता अनुपम खेर को 36 घंटों के दौरान एक बड़ा झटका लगा और इसके लिए उन्होंने ट्विटर से ही सवाल पूछ लिया है। दरअसल, अनुपम खेर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी सक्रिय रहते हैं, लेकिन रातों-रात उनके करीब 80 हजार फॉलोवर कम हो गए हैं।

अभिनेता ने आंकड़ों का जिक्र करते हुए एक ट्वीट किया है और कहा है कि वह यह जानने चाहते हैं कि यह तकनीकी कारण से हुआ है या कोई और वजह है। अनुपम खेर ने गुरुवार को ट्वीट किया, प्रिय @Twitter and @TwitterIndia! मेरे बीते 36 घंटों के अंदर 80 हजार फॉलोवर कम हो गए हैं। यह कोई तकनीक गड़बड़ी है या कुछ और वजह है। यह एक ऑब्जर्वेशन है और ये कोई शिकायत नहीं है।

इसके बाद अनुपम खेर का यह ट्वीट वायरल होने लगा और इसे धीरे-धीरे उनके फॉलोवर व फैन कमेंट करने लगे। 11 जून शाम साढे़ पांच बजे तक 2.5 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे रिट्वीट किया और 22.8 हजार से ज्यादा लोगों ने लाइक बटन पर क्लिक किया। कमेंट में कई लोगों ने लिखा कि उनके भी हाल ही में कई फॉलोवर कम हुए हैं।

अनुपम खेर ट्विटर पर काफी सक्रिय रहते हैं और उनके माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर 1.87 करोड़ फॉलोवर हैं, जबकि वे सिर्फ 186 लोगों को ही फॉलो करते हैं। इसके अलावा ट्विटर पर वह कई इंस्पीरेशनल ट्वीट भी करते हैं, जिन ट्वीट को लोग काफी पंसद करते हैं।

अनुपम खेर ने भुजः द डे इंडिया शोक का पोस्टर भी ट्वीट किया है। यह एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म है और इसमें अनुपम खेर कहानी और एंकरिंग करते हुए नजर आएंगे। इस फिल्म का ट्रेलर इस सप्ताह की शुरुआत में ही रिलीज किया गया था। यह डॉक्यूमेंट्री 2001 के विनाशकारी भूकंप के बारे में है। यह डॉक्यूमेंट्री 11 जून यानी आज डिस्कवरी प्लस पर रिलीज होगी।