राजीव वालिया के निर्देशन में बनी तेरा इंतजार एक म्यूजिकल रोमांटिक थ्रिलर फिल्म है। जिसमें सनी लियोनी और अरबाज खान अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा गौहर खान, आर्या बब्बर और सुधा चंद्रन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में आपको सनी अपने चिर-परिचित अंदाज के साथ ही मुश्किलों से लड़ती हुई लड़की के तौर पर दिखाई देंगी। इस साल एक्ट्रेस की यह पहली फिल्म रिलीज हो रही है। वहीं अरबाज और सनी पहली बार बड़े पर्दे पर एकसाथ नजर आएंगे। दोनों की ऑन-स्क्रिन केमिस्ट्री काफी अच्छी लग रही है।

बेजश्री फिल्म्स के बैनर तले फिल्म को बनाया गया है। फिल्म की कहानी अनवारुल्लाह खान ने लिखी है। वहीं अमन मेहता और बिजाल मेहता ने इसे प्रोड्यूस किया है। फिल्म की कहानी रौनक (सनी लियोनी) और राजीव (अरबाज खान) की है। राजीव एक पेंटर हैं तो रौनक आर्ट गैलरी की मालकिन हैं। राजीव बिना देखे रौनक की एक तस्वीर बनाता है जो बिलकुल असली लगती है। जब रौनक इसे देखती हैं तो वो हैरान रह जाती है। इसके बारे में जब वो पूछती है तो राजीव बताता है कि उसके ख्वाबो में जो लड़की आती है उसने उसी की तस्वीर बनाई है। इसके बाद दोनों की लव स्टोरी शुरू होती है। दोनों हमेशा एक-दूसरे के साथ रहने का वादा करते हैं।

दोनों की लव स्टोरी में उस समय ट्विस्ट आता है जब अचानक राजीव गायब हो जाता है। इसके बाद रौनक अपने प्यार को ढूंढने निकल पड़ती है। इस बीच उसे कई परेशानियों से गुजरना पड़ता है। कुछ लोग उसका फायदा उठाने की कोशिश करते हैं। परिस्थितियां ऐसी हो जाती हैं कि वो अपने आस-पास के लोगों पर भरोसा करने से डरने लगती है। अपनी इस तलाश में रौनक को पता चलता है कि राजीव की हत्या की गई थी। सनी को मुश्किलों से बचाने के लिए अरबाज की आत्मा आती है और अपने हत्यारों से बदला लेती है।

राजीव की आखिर किस मकसद से हत्या की गई थी? रौनक को क्यों परेशान किया जाता है? क्या अपने प्यार को रौनक दोबारा हासिल कर पाएगी? इन्हीं सवालों के इर्द-गिर्द फिल्म की कहानी बुनी गई है। फिल्म के ट्रेलर को लोगों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था ऐसे में उम्मीद है कि फिल्म ठीक-ठाक बिजनेस कर लेगी। फिल्म में सनी आपको सेक्सी बार्बी गर्ल के तौर पर भी नजर आएंगी। अगर आप सनी के फैंन हैं तो फिल्म देखने जा सकते हैं।