Today Panchang 01 September 2020 (आज का पंचांग): हिंदू पंचांग के मुताबिक हर साल भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को अनंत चतुर्दशी मनाई जाती है। अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान विष्णु के पूजन के लिए विशेष माना जाता है। कहते हैं कि इस दिन अनंत देव यानी भगवान विष्णु की पूजा अनेकों गुना अधिक फल देने वाली होती है। कहते हैं कि किसी भी पूजा पाठ को करने के दौरान पंचांग और मुहूर्त का खास ख्याल रखना चाहिए। बिना मुहूर्त में किये गये कार्यों का फल नहीं मिलता है। इस साल अनंत चतुर्दशी का त्योहार 1 सितंबर यानी आज मनाया जाएगा। आइए जानते हैं आज का पंचांग और शुभ मुहूर्त –

बन रहे हैं अतिगण्ड और सुकर्मा योग: आज के दिन दो योग बनेंगे – अतिगण्ड और सुकर्मा। दोपहर 1 बजकर 5 मिनट तक अतिगण्ड योग बना रहेगा। बता दें कि इस योग को बड़ा दुखद माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि इस योग में किये गए कार्य दुखी परिणाम दे सकते हैं। हालांकि, इसे बैलेंस करने के लिए तुरंत बाद सुकर्मा योग बनेगा। ऐसी मान्यता है कि इस योग में नई नौकरी या कोई धार्मिक कार्य करना चाहिए। जैसा कि नाम से प्रतीत होता है, इस योग में किये गए कर्म शुभ फल देने वाले होते हैं।

आज शाम 4 बजकर 38 मिनट तक धनिष्ठा और उसके बाद शतभिषा नक्षत्र लगा रहेगा। भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष में सुबह 9 बजकर 38 मिनट तक चतुर्दशी तिथि रहेगी। उसके बाद पूर्णिमा शुरू हो जाएगा।

आज के शुभ मुहूर्त: आज रवि योग भी बना रहेगा, सुबह 5:59 से लेकर 4:38 तक रवि योग बनेगा। सुबह 11  बजकर 55 मिनट से दोपहर 12 बजकर 46 मिनट तक अभिजित मुहूर्त रहेगा। वहीं, दोपहर 2 बजकर 28 मिनट से 3 बजकर 19 मिनट तक विजय मुहूर्त रहेगा।शाम साढ़े 6 से 6 बजकर 54 मिनट तक गोधूलि मुहूर्त का समय है। सायाह्न सन्ध्या का समय शाम 6:42 से 7:50 होगा। इसके अलावा, रात 11 बजकर 58 मिनट से 12 बजकर 44 मिनट तक निशिता मुहूर्त लगा रहेगा।

पूरे दिन रहेगा पंचक: आज दिन भर पंचक लगा रहेगा। दोपहर 3 बजकर 32 मिनट से लेकर शाम 5 बजकर 07 मिनट तक राहुकाल का समय है। वहीं, गुलिक काल का 12:21 से 1:56 तक माना जा रहा है। इसके अलावा, सुबह 8:32 से 11:58 तक दुर्मुहूर्त भी लगा रहेगा। इसके अलावा, यमगंड काल सुबह 9 बजकर 10 मिनट से लेकर 10 बजकर 45 मिनट तक रहेगा। बता दें कि सुबह 09:38 से रात 10:12 तक भद्रा का समय है।