Today Panchang 29 August 2020 (आज का पंचांग): हर साल भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को परिवर्तनी एकादशी का व्रत किया जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु शयन अवस्था में करवट लेते हैं। स्थान परिवर्तन करने के कारण ही इस एकादशी को परिवर्तिनी एकादशी कहा जाता है। पुराणों में अंकित कथाओं के अनुसार इस दिन ही चार महीनों से योगनिद्रा में लिप्त श्री हरि करवट बदलते हैं। मान्यता है कि इस दिन भक्त अगर व्रत रखते हैं तो उन्हें वाजपेय यज्ञ कराने के समान फल प्राप्त होते हैं। इस एकादशी के दिन विष्णु के वामन रूप की पूजा करनी चाहिए क्योंकि भगवान इन चार महीनों में वामन रूप में पाताल में निवास करते हैं। आइए जानते हैं इस दिन के शुभ मुहूर्त व अन्य जानकारी –

बनेंगे आयुष्मान और सौभाग्य योग: आज दोपहर 2 बजकर 52 मिनट तक आयुष्मान योग रहेगा, उसके उपरांत सौभाग्य योग शुरू होगा। बता दें कि आयुष्मान योग में किये गए कार्य लंबे समय तक लोगों के लिए फलदायी साबित होता है। साथ ही, जीवन भर इससे लोगों को खुशी मिलती है।

वहीं, सौभाग्य योग जैसा नाम से ही प्रतीत हो रहा है, बहुत ही मंगलकारक होता है। इसे भाग्य खुलने वाला समय भी माना जाता है। इस योग में परिणय सूत्र में बंधना भी सुखदायक होता है। अगर आज के नक्षत्र की बात करें तो दोपहर 1 बजकर 3 मिनट तक पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र और उसके बाद उत्रषाढ़ा नक्षत्र रहेगा।

ये हैं आज के शुभ मुहूर्त: आज अमृत काल का समय सुबह 8 बजकर 10 मिनट से 9 बजकर 48 मिनट तक रहेगा। सुबह 11  बजकर 56 मिनट से दोपहर 12 बजकर 47 मिनट तक अभिजित मुहूर्त रहेगा। वहीं, दोपहर 1 बजकर 3 मिनट से अगली सुबह करीब 5 बजकर 58 मिनट तक त्रिपुष्कर योग बना रहेगा। विजय मुहूर्त दोपहर 02:30 पी एम से 03:21 पी एम तक रहेगा। शाम 6 बजकर 33 मिनट से 6 बजकर 57 मिनट तक गोधूलि मुहूर्त का समय है। सायाह्न सन्ध्या का समय शाम 6:46 से 7:53 होगा। इसके अलावा, रात 12 से 12 बजकर 44 मिनट तक निशिता मुहूर्त लगा रहेगा।

यहां जानें राहुकाल का समय: आज यानी 29 अगस्त को सुबह 9 बजकर 10 मिनट से लेकर 10 बजकर 46 मिनट तक राहुकाल का समय है। वहीं, गुलिक काल का समय सुबह 5:58 से 7:34 तक माना जा रहा है। इसके अलावा, सुबह 5:58 से 7:40 तक दुर्मुहूर्त भी लगा रहेगा। इसके अलावा, यमगंड काल दोपहर 1 बजकर 58 मिनट से लेकर 3 बजकर 34 मिनट तक रहेगा। बता दें कि सुबह ही 05:58 से शाम 08:17 तक भद्रा का समय है।