अंकज्योतिष (Numerology) अनुसार किसी भी व्यक्ति की बर्थ डेट से उसके जीवन के बारे में काफी कुछ जाना जा सकता है। हर मूलांक के लोगों के लिए कुछ ऐसे कार्यक्षेत्र जरूर होते हैं जिसमें उन्हें सफलता मिलने की प्रबल संभावना रहती है। यहां हम मूलांक 1 वालों के बारे में बात करेंगे जिनमें अच्छी लीडरशिप क्वालिटी होती है। ये लोग सामाजिक स्तर पर काफी नाम कमाते हैं। सूर्य इस अंक के स्वामी ग्रह होते हैं। कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) की बर्थ डेट 1 जनवरी का मूलांक भी यही है। जानिए कैसे होते हैं इस मूलांक के लोग…

मूलांक 1 वाले लोगों को राजनीति और प्रशासनिक क्षेत्र काफी सूट करता है। इस अंक वाले लोग काफी ईमानदार और मेहनती माने जाते हैं। इनका स्वभाव सौम्य और सरल होता है। इन लोगों में सदैव अपने लक्ष्यों को पाने की ललक रहती है। ये हर चीज में नंबर वन पर बने रहना चाहते हैं। ये हर चुनौतियों का डटकर सामना करते हैं। ये अच्छे विचारक माने जाते हैं। मूलांक 1 वालों की आर्थिक स्थिति अमूमन अच्छी रहती है। ये लोग अधिक धन खर्च करने के साथ उसाक संचय करना भी बखूबी जानते हैं।

सूर्य के प्रभाव से इन लोगों को जीवन में मान-सम्मान और यश की प्राप्ति होती है। ये सत्ता और शक्ति दोनों से प्रेम करते हैं। इन लोगों की निर्णय लेने की क्षमता काफी प्रबल होती है। ये स्वाभिमानी होते हैं और अगर कोई इनके स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने की कोशिश करे तो वो इनका सबसे बड़ा दुश्मन बन जाता है। इस मूलांक के लोग किसी के अधीन रहकर काम नहीं कर सकते। इसलिए इस मूलांक के अधिकतर लोग अपना बिजनेस करने की सोचते हैं। (यह भी पढ़ें- वास्तु अनुसार घर में हनुमान जी की इस मूर्ति को लगाने से धन संपत्ति में होती है वृद्धि, जानिए इसकी सही दिशा)

इन लोगों की शिक्षा काफी अच्छी रहती है। ये पढ़ने लिखने में काफी तेज होते हैं। इनके मित्र भी काफी बनते हैं और मित्रों का सहयोग करने के लिए ये हमेशा तैयार रहते हैं। ये परिवार में चाहे छोटे ही क्यों न हों लेकिन मुखिया की भूमिका निभाते हैं। इन्हें चापलूसों से नुकसान पहुंचने की संभावना रहती है। (यह भी पढ़ें- शनि ढैय्या से पीड़ित राशि वालों को मिलेगी राहत, सूर्य का सिंह राशि में गोचर आपके लिए शुभ रहने की संभावना)