Sawan 2022 Puja Muhurat: भगवान शिव का प्रिय माह सावन 2022 आज से 14 जुलाई से शुरू हो गया है। इस महीने की शुरुआत विकुंभ और प्रीति योग से हो रही है, जो शुभ माने जाते हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इन दोनों योगों में शिव की पूजा करने से दोहरा फल मिलता है। ऐसे में आज शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से की गई पूजा से हर मनोकामना पूर्ण होती है। एक खास संयोग में सावन के महीने की शुरुआत के अलावा सावन के सभी सोमवारों को भी ऐसे ही खास संयोग बन रहे हैं। इस वजह से साल 2022 का पूरा सावन महीना बेहद खास हो गया है। सावन का महीना 12 अगस्त तक चलेगा।

सावन 2022 पहले दिन पूजा मुहूर्त और विधि

14 जुलाई को सावन के पहले दिन पूजा का मुहूर्त सुबह 04:11 बजे से शुरू होगा। इस दौरान अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:59 बजे से दोपहर 12:54 बजे तक रहेगा। वहीं अमृत काल मुहूर्त दोपहर 02:45 बजे से दोपहर 03:40 बजे तक और गोधूलि मुहूर्त शाम 07:07 बजे से शाम 07:31 बजे तक रहेगा।

सावन के महीने के पहले दिन विधि विधान से भगवान शिव की पूजा करें। इसके लिए सुबह जल्दी नहा लें और साफ कपड़े पहनें। सफेद रंग के कपड़े पहनना बेहतर रहेगा। फिर घर के मंदिर या शिव मंदिर में जाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करें। पंचामृत से अभिषेक बहुत अच्छा है। इसके बाद शिव को फूल, बेलपत्र, धतूरा, चीनी, घी, दही, शहद, सफेद चंदन, कपूर, अक्षत, पंचामृत, फल आदि चढ़ाएं। याद रखें कि शिव की पूजा के साथ-साथ देवी पार्वती की भी पूजा करनी चाहिए। रुद्राभिषेक के दौरान ओम नमः शिवाय मंत्र का जाप करें। अंत में आरती करें और प्रसाद बांटें।

साल 2022 के सावन में कितने पड़ेंगे सोमवार

साल 2022 के सावन माह का पहला सोमवार 18 जुलाई 2022 को, दूसरा सावन सोमवार 25 जुलाई 2022 को, तीसरा सावन सोमवार 1 अगस्त 2022 को और चौथा सावन सोमवार 8 अगस्त 2022 को होगा। इन सभी सावन सोमवारों में पूरी श्रद्धा के साथ व्रत रखें और भगवान शिव की पूजा करें। ऐसा करने से जीवन की सभी परेशानियां दूर हो जाएंगी और मनोकामनाएं भी पूरी होंगी।