Shani Sade Sati And Shani Dhaiya: वैदिक ज्योतिष में शनि ग्रह का बड़ा महत्व है। यह मकर और कुंभ राशि का स्वामी हैं। तुला इनकी उच्च राशि है जबकि मेष नीच राशि मानी जाती है। शनि एक राशि में ढाई वर्ष तक रहते हैं। सभी ग्रहों में इनकी गति सबसे मंद मानी जाती हैं। शनि की दशा साढ़े सात वर्ष की होती है। वैदिक ज्योतिष में शनि को क्रूर ग्रह माना जाता है। शनि अकारण किसी को भी परेशान नहीं करते हैं। ये न्याय देवता हैं और लोगों को उनके कर्मों के अनुसार फल देते हैं। जानिए आने वाले तीन सालों में किन राशियों को शनि की दशा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
शनि की वर्तमान स्थिति: शनि वर्तमान में मकर राशि में गोचर कर रहे हैं। मिथुन और तुला वालों पर शनि की ढैय्या तो धनु, मकर और कुंभ वालों पर शनि की साढ़े साती चल रही है। कुल मिलाकर शनि की दृष्टि इस साल 5 राशियों पर है। शनि मकर राशि में वक्री चाल चल रहे हैं और 11 अक्टूबर तक इसी अवस्था में रहेंगे।
ये राशियां शनि की दशा से रहेंगी मुक्त: 2022 से लेकर 2024 तक की बात करें तो इन तीन साल में 4 राशियां शनि की दशा से पूरी तरह से मुक्त रहेंगी। ये राशियां हैं मेष, वृषभ, सिंह और कन्या। (यह भी पढ़ें- 2021 से 2025 तक कब किस राशि पर रहेगी शनि ढैय्या और कौन सी राशियां इससे रहेंगी मुक्त, जानिए)
2022 से 2024 तक शनि का इन राशियों पर रहेगा प्रभाव: 29 अप्रैल 2022 में शनि कुंभ राशि में प्रवेश कर जायेंगे जिससे कर्क और वृश्चिक जातकों पर शनि की ढैय्या शुरू हो जाएगी। वहीं मिथुन और तुला जातक इससे मुक्त हो जायेंगे। जबकि मीन वालों पर शनि की साढ़े साती का पहला चरण शुरू हो जाएगा। मकर वालों पर इसका अंतिम चरण तो कुंभ वालों पर इसका दूसरा चरण शुरू हो जाएगा। धनु वालों को इससे मुक्ति मिल जाएगी। इसी साल 12 जुलाई को शनि के फिर से मकर राशि में गोचर करने से मिथुन, तुला और धनु जातक फिर से शनि की दशा की चपेट में आ जायेंगे और ये स्थिति 17 जनवरी 2023 तक रहेगी। 2022 में देखा जाए तो मिथुन, कर्क, तुला, वृश्चिक, धनु, मकर, कुंभ और मीन जातकों पर शनि का प्रभाव रहेगा। (यह भी पढ़ें- इस सावन इन 5 राशियों पर रहेगी भगवान शिव की विशेष कृपा, भाग्य में होगी वृद्धि)
2023 की बात करें तो इस साल कर्क और वृश्चिक वालों पर शनि की ढैय्या रहेगी। वहीं मकर, कुंभ और मीन वालों पर शनि साढ़े साती का प्रभाव रहेगा। 2024 की बात करें तो इस साल भी कर्क, वृश्चिक, मकर, कुंभ और मीन जातकों पर शनि की दृष्टि रहेगी।