शनिदेव को लेकर लोगों के मन में एक अलग सा भय रहता है। ज्यादातर लोग ये जानते हैं कि शनि देव की सिर्फ बुरी नजर ही पड़ती है। लेकिन ऐसा नहीं है शनि अगर आपकी कुंडली में अच्छी स्थिति में विराजमान हैं तो मनुष्य खूब तरक्की भी करता है। ज्योतिष अनुसार शनि ग्रह की हमारे जीवन में अहम भूमिका होती है। जानिए शनि देव की पूजा के क्या हैं नियम और किन बातों का रखना चाहिए ध्यान…

इस दिशा में मुख करके करें पूजा: हिंदू धर्म में भगवान की पूजा पूर्व दिशा की तरफ मुख करके करने की सलाह दी जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि शनि देव को पश्चिम दिशा का स्वामी माना जाता है। इसलिए इनकी पूजा इसी दिशा की तरफ मुख करके करनी चाहिए।

शनि देव की आंखों में न देखें: अमूमन हम भगवान की पूजा करते समय उनकी आंखों में देखते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि शनि देव की आंखों में कभी नहीं देखना चाहिए। माना जाता है कि शनि देव को श्राप मिला था कि जो भी उनकी आंखों में देखेगा उसका कुछ न कुछ बुरा होगा। इसलिए पूजा करते समय उनके सिर्फ चरणों में देखना चाहिए।

काले तिल का ही करें प्रयोग: माना जाता है कि शनि देव को काली चीजें अत्यंत प्रिय हैं। इसलिए इनकी पूजा में काले तिलों का ही प्रयोग किया जाता है। ध्यान रखें कि शनिदेव की पूजा में कभी भी सफेद तिलों का प्रयोग नहीं करना चाहिए। मान्यता है कि शनिदेव को काला तिल अर्पित करने से सभी मुरादें पूर्ण होती हैं।

लाल रंग के फूल न चढ़ाएं: शनि देव की पूजा में कभी भी लाल रंग के फूलों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। धार्मिक मान्यताओं अनुसार लाल रंग मंगल का प्रतीक है और मंगल और शनि शत्रु हैं।

तांबे के बर्तन से पूजा न करें: शनिदेव की पूजा के दौरान तांबे के बर्तनों का प्रयोग नहीं करना चाहिए। क्योंकि तांबे का संबंध सूर्यदेव से है और धार्मिक मान्यताओं अनुसार शनि देव अपने पिता सूर्य के परम शत्रु माने जाते हैं। शनिदेव की पूजा में हमेशा लोहे के बर्तनों का ही प्रयोग करना चाहिए।

दीपक जलाते समय रखें ध्यान: वैसे तो भगवान की पूजा करते समय उनके ठीक सामने दीपक जलाकर रखा जाता है लेकिन शनिदेव की पूजा में ऐसा नहीं किया जाता है। कहा जाता है कि शनि की मूर्ति के ठीक सामने दीपक न जलाएं बल्कि मंदिर में किसी शिला आदि पर रखकर जलाएं।

तामसिक चीजों से बनाएं दूरी: अगर शनि देव की पूजा करते हैं तो भूल से भी मांस मदिरा का सेवन नहीं करना चाहिए। बेहतर होगा कि शनिवार के दिन आप अपने पूरे परिवार के साथ काली उड़द की खिचड़ी बनाकर खाएं। इससे शनि ग्रह मजबूत होता है।