Sawan Month 2019: भगवान शिव को प्रिय सावन मास की शुरुआत 17 जुलाई से हो गई है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन में शिव की आराधना से भगवान शिव भक्तों पर प्रसन्न होते हैं और उनकी मनोकामना पूरी होने का आशीर्वाद देते हैं। कर्मकाण्ड के जानकारों का कहना है कि इस बार सावन में कई दुर्लभ योग बन रहे हैं। जिसमें भगवान शिव की उपासना करने से मनवांछित फल की प्राप्ति हो सकती है। हिंदू पंचांग के अनुसार इस बार सावन की कुल अवधि 30 दिनों की है, जिसमें कुल 4 सोमवार पड़ेंगे। इस दृष्टि से भक्त 30 दिनों तक भगवान शिव की उपासना का शुभ अवसर मिलेगा। वहीं सावन के तीसरे सोमवार को तीन शुभ संयोग बन रहे हैं जिसे धर्म शास्त्र के जानकार विशेष शुभफलदायी बता रहे हैं। ऐसे में आगे जानते हैं कि सावन (2019) में कौन-कौन से शुभ योग बन रहे हैं और इसके लाभ क्या बताए गए हैं।
ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक इस बार सावन की शुरुआत उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में हुआ, जिसमें विषकुंभक और वज्र योग बना। वहीं इस बार सावन मास के दौरान 01 अगस्त को हरियाली अमावस्या का पर्व है। माना जा रहा है कि 125 साल बाद हरियाली अमावस्या पर कुल पांच योग का खास संयोग बन रहा है। हरियाली अमावस्या पर अमृत योग, सर्वार्थसिद्धि योग, शुभ योग, सिद्धि योग और गुरु पुष्य अमृत योग का पावन संयोग बन रहा है। मान्यता है ऐसे दुर्लभ संयोगों में शिव और पार्वती की के पूजन से मनवांछित फल मिलता है। इसके साथ ही नाग पंचमी 2019 पर भी विशेष संयोग बन रहा है। दरअसल इस बार नाग पंचमी सोमवार के दिन पड़ने वाली है। इस दिन हस्त नक्षत्र जो कि चंद्रमा का प्रतिनिधित्व करता है, का भी शुभ संयोग बनने वाला है।
इसके अलावा इस दिन सिद्धि योग, सर्वार्थसिद्धि योग और रवि योग भी बन रहा है। नाग पंचमी पर बनने वाले इस त्रियोग में काल सर्प दोष का निवारण बहुत अच्छा माना गया है। वहीं ज्योतिष के अनुसार 20 जुलाई को शुक्र अस्त हो रहा है जो आगामी 22 सितंबर तक इसी स्थिति में रहेगा। साथ ही 20 जुलाई को श्रावणी चतुर्थी है जिसमें रवि-पुष्य योग का निर्माण हो रहा है। कामदा एकादशी इस बार 28 जुलाई को पड़ने वाली है और महाशिवरात्रि का पर्व 30 जुलाई को मनाया जाएगा।
