ज्योतिष शास्त्र अनुसार व्यक्ति जिस राशि और नक्षत्र में जन्मा होता है उसका प्रभाव उसके व्यक्तित्व और जीवन पर देखने को मिलता है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) की बात करें तो ये वृश्चिक राशि और अनुराधा नक्षत्र में जन्मी हैं। इस राशि और नक्षत्र के लोगों पर मंगल और शनि दोनों ही ग्रहों का प्रभाव देखने को मिलता है। मंगल ग्रह इन्हें साहसी और निडर बनाता है तो वहीं शनि ग्रह के प्रभाव से ये लोग संघर्ष करते हुए सफलता हासिल करते हैं।
वृश्चिक राशि के स्वामी मंगल हैं और अनुराधा नक्षत्र के स्वामी शनि हैं। शनि और मंगल आपस में मैत्री का भाव रखते हैं। इस राशि और नक्षत्र में जन्मे लोग स्पष्टवादी और दूसरों का दिल जीतने वाले होते हैं। इनका व्यक्तित्व प्रभावशाली होता है। ये अपनी बात खुलकर सबके सामने कह देते हैं जिस कारण इन्हें कई बार लोगों की नाराजगी का भी सामना करना पड़ जाता है। इनके अंदर साहस की कोई कमी नहीं होती।
ये लोग धार्मिक होते हैं और बाधाओं से घबराते नहीं हैं। ये लोग संघर्ष करके जीवन में जो पाना चाहते हैं उसे अधिकतर हासिल कर लेते हैं। इन लोगों को दिखावा बिल्कुल भी पसंद नहीं होता। ये लोग दूसरों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। ये नौकरी से ज्यादा व्यापार करने में रुचि रखते हैं। मेहनत करके ये लाइफ में अच्छा धन भी अर्जित कर लेते हैं। धन-संपत्ति के मामले में इस नक्षत्र के जातक काफी भाग्यवान होते हैं। करियर में ग्रोथ के लिए जो भी अवसर इनके हाथ आते हैं उनका ये पूरा फायदा उठाते हैं। (यह भी पढ़ें- इस मूलांक वाले माने जाते हैं बुद्धिमान और स्पष्टवादी, तुरंत लेते हैं निर्णय, CM योगी का भी यही है बर्थ मूलांक)
ज्योतिष शास्त्र अनुसार इस राशि और नक्षत्र में जन्मे लोगों को अपने परिवार के साथ समय बिताना काफी पसंद होता है। इनके अंदर धैर्य की कमी देखी जाती है इसलिए ये छोटी-छोटी बात पर भी उत्तेजित हो जाते हैं। अनुराधा नक्षत्र में जन्मे लोग काफी मेहनती और लक्ष्य को लेकर गंभीर होते हैं। यही कारण है कि ये कठिनाईयों पर भी विजय प्राप्त कर लेते हैं। (यह भी पढ़ें- ज्योतिष अनुसार इस राशि की लड़कियों के प्यार में ज्यादा पड़ते हैं लड़के, ये मानी जाती हैं रोमांटिक)