अंक ज्योतिष (Numerology) अनुसार किसी भी व्यक्ति के मूलांक से उसके जीवन के बारे में जाना जा सकता है। आपका जन्म महीने की जिस तारीख को होता है उसके इकाई के अंक में बदलने के बाद जो अंक प्राप्त होता है, वह आपका मूलांक माना जाता है। मूलांक 1 से 9 अंक के बीच कोई भी हो सकता है जैसे मान लीजिए आपका जन्म किसी महीने की 25 तारीख को हुआ है तो आपका मूलांक 2+5= 7 होगा। हर व्यक्ति की जन्म तारीख के हिसाब से उसका एक मूलांक निर्धारित होता है और हर मूलांक का कोई न कोई स्वामी ग्रह होता है। यहां आप जानेंगे अंक ज्योतिष अनुसार कैसा रहेगा आपके लिए अगस्त का महीना।

मूलांक 1: अगर आपका जन्म किसी भी महीने की 1, 10, 19 या 28 तारीख को हुआ है तो आपका मूलांक 1 होगा। इस अंक के स्वामी सूर्य देव माने जाते हैं। आपके लिए अगस्त का महीना काफी अच्छा रहने वाला है। कार्यस्थल पर आपका प्रदर्शन शानदार रहेगा और आपकी मेहनत की जमकर सराहना की जाएगी। इस महीने आप ऑफिस में बेहतर प्रतिष्ठा हांसिल कर सकेंगे। इस दौरान आप काफी सक्रिय रहेंगे और अपने हर कार्य को समय से पहले पूरा करने की कोशिश करेंगे। इस महीने आपके सौभाग्य की वृद्धि भी हो सकेगी।

मूलांक 2: जिन लोगों का जन्म महीने की 2, 11 या 20 तारीख को हुआ हो उनका मूलांक 2 बनता है। इस मूलांक का स्वामी ग्रह चंद्रमा होता है। इस महीने कार्यक्षेत्र में आपको सफलता हासिल होने की संभावना रहेगी। नौकरीपेशा जातकों को इस दौरान पदोन्नति मिलने के योग बनेंगे। आपके आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होगी। आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी और आप कुछ गुप्त स्रोतों से धन कमाने में सक्षम होंगे।

मूलांक 3: जिन लोगों का जन्म महीने की 3, 12, 21 या 30 तारीख को हुआ हो उनका मूलांक 3 बनता है। इस अंक के स्वामी देव गुरु बृहस्पति होते हैं। इस महीने मूलांक 3 वालों को कुछ अच्छे वित्तीय लाभ होने की संभावना रहेगी। नौकरी करने वाले जातकों के लिए भी समय काफी अच्छा साबित हो सकता है । कार्यस्थल पर बॉस के साथ संबंध मधुर रहेंगे। आपको अच्छा धन लाभ मिलेगा और इस अवधि के दौरान पैतृक संपत्ति से भी कुछ मुनाफ़ा होने के संकेत मिल रहे हैं।

मूलांक 4: जिन लोगों का जन्म महीने की 4, 13, 22 तारीख को हुआ हो उनका मूलांक 4 होता है। इस अंक का स्वामी ग्रह राहु है। मूलांक 4 वाले जातकों के लिए ये महीना करियर के दृष्टिकोण से उतना अच्छा दिखाई नहीं दे रहा है। आपको मेहनत के अनुसार फल प्राप्त न होने की वजह से आप निराश हो सकते हैं। इस दौरान आपको अपने हर कार्य में सतर्कता बरतनी होगी। बिजनेस में भी सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। किसी भी तरह के वाद-विवाद से बचकर रहें। (यह भी पढ़ें- साप्ताहिक राशिफल, 2 अगस्त से 8 अगस्त 2021: मेष, कुभ और मीन राशि वालों को इस हफ्ते करियर में मिल सकती है उन्नति)

मूलांक 5: जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 5, 14 या 23 तारीख को हुआ हो उनका मूलांक 5 होगा। इस अंक के स्वामी बुध ग्रह हैं। इस मूलांक के लोगों को अगस्त के महीने में उत्तम फल मिलने प्राप्त होने की संभावना रहेगी। सहकर्मियों और अधिकारियों के साथ अपने संबंध मजबूत होंगे। इस मूलांक के कई जातक अपनी क्षमताओं से अच्छा धन प्राप्त कर सकेंगे। जो लोग व्यापार से जुड़े हैं उन्हें भी अच्छा मुनाफ़ा प्राप्त हो सकता है। लेकिन इस महीने आपको किसी भी प्रकार का शॉर्टकट अपनाने से बचने की सलाह दी जाती है।

मूलांक 6: जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 6, 15 या 24 तारीख को हुआ हो उनका मूलांक 6 होता है। इस अंक के स्वामी शुक्र देव हैं। अंक ज्योतिष अनुसार ये महीना आपके लिए अच्छा रहेगा। इस दौरान आप अपने कई कार्यों में सफलता हासिल होगी। कार्यक्षेत्र पर आपके प्रयासों और मेहनत की जमकर सराहना होगी। नौकरी करने वाले जातक इस दौरान अच्छा लाभ अर्जित कर सकेंगे। अगर आप इस महीने कुछ नया काम शुरू करने की योजना बना रहे हैं तो ये महीना आपके लिए लाभकारी परिणाम लेकर आएगा।

मूलांक 7: जिन लोगों का जन्म महीने की 7, 16 या 25 तारीख को हुआ हो उनका मूलांक 7 होगा। इस अंक का स्वामी ग्रह केतु होता है। मूलांक 7 वाले जातकों के लिए अगस्त का महीना थोड़ा मुश्किल भरा हो सकता है। कार्यक्षेत्र में आपको कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। मेहनत के अनुसार आपको परिणाम हासिल होने के कम आसार दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान आपको मानसिक तनाव काफी ज्यादा रहेंगे। आपके सहकर्मी आपके खिलाफ कार्यक्षेत्र में षड़यंत्र कर सकते हैं। (यह भी पढ़ें- अगस्त में इन 3 राशि वालों को अचानक धन लाभ होने के आसार, देखें क्या आपकी राशि भी है इसमें शामिल?)

मूलांक 8: जिन लोगों का जन्म महीने की 8, 17 या 26 तारीख को हुआ हो उनका मूलांक 8 बनता है। इस मूलांक का स्वामी ग्रह शनि माना गया है। आपके लिए ये महीना चुनौतियों से भरा रह सकता है। इस दौरान आप खुद को अधिक संवेदनशील महसूस कर सकते हैं। कार्यक्षेत्र में आपको इस दौरान बहुत से उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे। यदि आप व्यापारी हैं तो ये महीना आपके लिए कुछ बेहतर साबित हो सकता है।

मूलांक 9: जिन लोगों का जन्म महीने की 9, 18 या 27 तारीख को हुआ हो उनका मूलांक 9 बनता है। इस अंक का स्वामी ग्रह मंगल है। आपके लिए ये महीना थोड़ा व्यस्त और उलझनों भरा रहने की संभावना है। कार्यक्षेत्र पर आपके ऊपर काम का दबाव अधिक रहेगा और आप कार्यस्थल की राजनीति का भी शिकार हो सकते हैं। इस अवधि के दौरान आपके काम को कुछ पहचान मिल सकेगी। सरकारी कर्मचारियों के लिए ये महीना चुनौतियों से भरा रहेगा।