Numerology Number 2 Prediction: जिन लोगों का जन्म महीने की 2, 11, 20 या 29 तारीख को होता है उनका मूलांक 2 बनता है। इस अंक का स्वामी ग्रह चंद्रमा होता है। इस मूलांक वाले लोग काफी कल्पनाशील और भावुक होते हैं। ये अधिक समय तक एक काम पर स्थिर नहीं रह सकते। ये लोग जन्मजात कलाकार माने जाते हैं। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की बर्थ डेट का भी यही मूलांक है। जानिए इस मूलांक वालों के बारे में विस्तार से…

ये लोग मूलतः बुद्धिजीवी होते हैं। इनका दिमाग काफी तेज होता है और इनका खुद पर काफी नियंत्रण रहता है। यहीं कारण है कि ये समाज के लिए अच्छे प्रेरक सिद्ध होते हैं। इन लोगों में आत्मविश्वास की थोड़ी सी कमी रहती है जिस कारण इन्हें कोई महत्वपूर्ण निर्णय लेने में देरी होती है। प्रेम और सौंदर्य के क्षेत्र में ये महारथी कहे जा सकते हैं। इन लोगों में दूसरों को सम्मोहित करने की कला होती है। ये लोग दूसरों के हित का पूरा ख्याल रखते हैं। दूसरों के मन की बात जान लेने में ये प्रवीण होते हैं।

ये लोग अच्छी शिक्षा प्राप्त करते हैं। इनकी आर्थिक स्थिति की बात की जाए तो इन लोगों में धन जमा करने की अच्छी आदत होती है। अत: सामान्यत: इनकी आर्थिक स्थिति अच्छी होती है। ये धन कमाने की योजना बनाने में माहिर होते हैं। इस मूलांक वाले अपने मित्रों से बहुत प्रेम करते हैं। मूलांक 1, 2, 4 और 7 वाले इनके अच्छे मित्र होते हैं। बिजनेस के लिहाज से ये अंक माना जाता है लकी, मुकेश अंबानी की बर्थ डेट का भी यही है नंबर

यदि इनके प्रेम संबंधों की बात की जाय तो ये प्रेम के मामलों में अधिक सफल नहीं होते। कई बार इन्हें प्रेम संबंधों में हानि भी उठानी पड़ती है। हालांकि इनका पारिवारिक जीवन सुखद होता है। ये लोग अच्छे व्यापारी होते हैं। कृषि कार्य, तरल पदार्थों या दवाओं से जुडे काम, न्याय, शिक्षा विभाग, बैंक, स्वास्थ्य विभाग से इन्हें अच्छा लाभ मिलता है। ये लोग संगीत, लेखन आदि क्षेत्रों में भी अच्छा नाम कमाते हैं।

इनके लिए 1,2, 4 व 7 तारीखे शुभ हैं। साथ ही रविवार, सोमवार, गुरुवार, शुक्रवार के दिन इनके लिए अच्छे माने जाते हैं। सफेद और हरा रंग आपके लिए अनुकूल रहता है।