Numerology Number 2 Prediction: अंक ज्योतिष अनुसार जिन जातकों का जन्म महीने की 2, 11, 20 या फिर 29 तारीख को हुआ हो उनका मूलांक 2 बनता है। इस अंक का स्वामी चंद्रमा होता है। कहते हैं कि मूलांक 2 वाले खूबसूरती देखकर बहुत जल्दी आकर्षित हो जाते हैं। जिस वजह से इन्हें कई बार दिक्कतों का सामना भी करना पड़ता है। इनके प्रेम संबंध लम्बे समय तक के लिए नहीं रहते। जानिए मूलांक 2 वालों के बारे में दिलचस्प जानकारी…

इस मूलांक के लोग बुद्धिमान माने जाते हैं और थोड़ा भावुक भी होते हैं। ये हमेशा दूसरों के बीच लोकप्रिय बने रहते हैं। इनके चेहरे पर एक अलग ही चमक होती है। इसलिए कोई भी इनकी तरफ जल्दी आकर्षित हो जाता है। इन्हें सुंदर कपड़े और आभूषण पहनने का शौक होता है। ये यात्राएं खूब करते हैं। विदेश से जुड़ा व्यापार इन्हें अधिक लाभ देता है। ये लोग किसी भी काम में लापरवाही नहीं करते। इनका दिल कोमल होता है। ये दूसरों का दुख देखकर रोने भी लगते हैं। कई बार छोटी सी बात भी ये दिल से लगा लेते हैं।

खूबसूरती इनकी कमजोरी होती है। ये अकसर किसी सुंदर व्यक्ति को देखकर बहुत जल्दी आकर्षित हो जाते हैं और प्रेम संबंध स्थापित कर लेते हैं। लेकिन बाद में इन्हें पछतावा होता है। ये लोग इस कारण कई बार मुसीबत में भी फंस जाते हैं। इनका दिमाग कभी एक जगह स्थिर नहीं रहता। अपने ही निर्णय ये बार-बार बदलते रहते हैं। छोटी-छोटी बातों पर अधिक तनाव लेने के कारण ये कई बार मानसिक रोगों से भी ग्रस्त हो जाते हैं।

इस मूलांक के लोग कल्पनाशील होने के कारण अच्छे लेखक बन सकते हैं। पढ़ने-लिखने में इन्हें खास रुचि होती है। ये अपने लोगों को साथ लेकर चलना पसंद करते हैं। अकेलापन इन्हें बिल्कुल भी पसंद नहीं होता। मूलांक 2 वाले अच्छे नेतृत्वकर्ता भी माने जाते हैं। इनमें किसी के मन को ठेस पहुंचाने की प्रवृति नहीं होती है।

इनका मिजाज थोड़ा आशिकाना होता है। ये अपने जीवनसाथी की खुशियों का पूरा ख्याल रखते हैं जिस कारण इनका वैवाहिक जीवन सुखमय व्यतीत होता है। लेकिन शादी से पहले इनके प्रेम संबंध स्थायी नहीं रहते। इस मूलांक के कई लोग सच्चे प्रेम के लिए आजीवन तड़पते रहते हैं। इन्हें लव लाइफ में कई बार हानि भी उठानी पड़ती है। इनकी आर्थिक स्थिति की बात की जाये तो वो अच्छी रहती है। क्योंकि इन लोगों में धन जमा करने का अच्छा गुण होता है।