Numerology: अंक ज्योतिष में मूलांक 7 का स्वामी ग्रह केतु माना गया है। जिन लोगों का जन्म महीने की 7, 16 या 25 तारीख को होता है उनका मूलांक 7 होगा। इस मूलांक के लोग स्वतंत्र विचार वाले और असामान्य व्यक्तित्व के स्वामी होते हैं। ये लोग दिल के साफ होते हैं और बोलते समय ये इस बात की परवाह नहीं करते हैं कि सामने वाले व्यक्ति पर इसका क्या असर पड़ेगा। इनके बेबाक बोलने की आदत के कारण इन्हें लोगों की नाराजगी का भी सामना करना पड़ता है। ये लोग खुशमिजाज होते हैं। पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और सिंगर कैलाश खेर की जन्म तारीख का मूलांक भी 7 है।

मूलांक 7 वालों की कल्पनाशक्ति तीव्र होती हैं। ये लोग बुद्धिमान, निडर और आत्मविश्वास से भरपूर होते हैं। समाज में प्रतिष्ठित होते हैं। दूसरों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। लेकिन कई बार ये जरूरत से ज्यादा टेंशन भी ले लेते हैं जिस कारण ये चिड़चिडे भी हो जाते हैं। इन लोगों में धैर्य की कमी देखने को मिलती है। मूलांक 7 वालों को कुछ न कुछ करते रहना पसंद है। ये कभी भी खाली नहीं बैठ सकते हैं। मूलांक 7 वालों में अपनी भावनाओं को व्यक्त करने की क्षमता की कमी होती है जिस कारण इन्हें कई बार नुकसान उठाना पड़ता है।

मूलांक 7 वालों की आर्थिक स्थिति की बात की जाये तो ये अपनी मौलिकता के बल पर धन अर्जित करते हैं। इन लोगों को बेफजूल में पैसे खर्च करना पसंद नहीं होता। इनका अधिकतर धन दान पुण्य आदि में खर्च होता है। अमूमन इनकी आर्थिक स्थिति अच्छी ही रहती है। इनकी मित्रता प्रायः बुद्धि-जीवियो से होती हैं। ये अपनी बुद्धि और चतुराई से धन कमाते हैं। इन्हें जीवन की सभी भौतिक सुख सुविधाएं मिलती हैं।

ये लोग कवि, लेखक व दार्शनिक के रूप में अधिक सफल रहते हैं। इसके अतिरिक्त ये डॉक्टर, अध्यापक, सरकारी अधिकारी, ज्योतिषी आदि के रूप में भी ये कार्य करते हैं। इनकी मूलांक 5 और 6 वालों से अच्छी बनती हैं। ये दूसरों के मन ही बात जल्दी भांप लेते हैं।