अंक ज्योतिष अनुसार जिन लड़कियों की जन्म तारीख 2, 11, 20 या 29 होती है उनका मूलांक 2 होगा। इस मूलांक की लड़कियां बेहद ही प्यार करने वाली मानी जाती हैं। ये इमोशनल होती हैं। जिस किसी के साथ जुड़ती हैं उसके साथ अपना रिश्ता पूरी ईमानदारी से निभाती हैं। इनके अंदर एक अच्छी पत्नी के सारे गुण मौजूद होते हैं। ये अपने पति की बहुत केयर करती हैं और उनकी हर खुशी का ख्याल रखती हैं। जानिए और क्या होती है इनमें खूबी।
इस मूलांक की लड़कियां अपने घर-परिवार को साथ लेकर चलती हैं। इनके लिए रिश्तों की काफी अहमियत होती है। ये अपने परिवार वालों को खुश रखने में कोई कसर नहीं छोड़तीं। पति के लिए ये काफी लकी मानी जाती है। कहते हैं ये जिस घर में शादी करके जाती हैं वहां के लोगों की तरक्की होने लगती है। ये पति ही नहीं बल्कि अपने ससुराल के सभी लोगों के लिए लकी साबित होती हैं। ये बुद्धि की तेज होती हैं और दिल की साफ। इनके मन में जो आता है ये कह देती हैं। इन्हें कोई भी बात बहुत जल्दी बुरी लग जाती है। ये तुरंत इमोशनल भी हो जाती हैं।
इनसे किसी का दुख देखा नहीं जाता। दूसरों को दुखी देखकर ये खुद भी परेशान हो जाती हैं। जरूरतमंदों की सहायता के लिए ये हमेशा तैयार रहती हैं। इनका व्यक्तित्व काफी आकर्षक होता है जिससे हर कोई इनकी तरफ आसानी से खींचा चला आता है। ये दूसरों के मन की बातें जानने में माहिर मानी जाती हैं। इनके अंदर पैसा जोड़ने की आदत होती है। ये सिर्फ जरूरी चीजों पर ही धन खर्च करती हैं। इनकी इसी आदत के कारण इनके पास पैसों की कभी कमी नहीं रहती।
ये काफी मेहनती भी होती हैं। इसलिए ये मेहनत के दम पर किसी भी काम में सफलता हासिल कर सकती हैं। इनकी लव लाइफ अमूमन अच्छी ही रहती है। क्योंकि ये एक समर्पित लव पार्टनर बनती हैं। ये अपने साथी की हर बात मानती हैं और उनकी खुशी का पूरा ख्याल रखती हैं। इनका वैवाहिक जीवन भी काफी खुशनुमा रहता है।