अंकज्योतिष अनुसार अंकों का हमारे जीवन में विशेष महत्व माना जाता है। हर व्यक्ति किसी न किसी नंबर को अपने लिए खास मानने लगता है और अपने जीवन में सफलता पाने के लिए उस नंबर का प्रयोग करता है। बता दें कि व्यक्ति जिस तारीख में जन्म लेता है उसका प्रभाव उसके पूरी जीवनकाल में देखने को मिलता है। यहां हम मूलांक 8 के बारे में बात करने जा रहे हैं। जिन लोगों का जन्म महीने की 8, 17 या 26 तारीख को होता है उनका मूलांक 8 माना जाता है। पीएम नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर को हुआ है तो इनका जन्म मूलांक भी 8 है। जानिए कैसे होते हैं इस मूलांक के लोग।
ये शनि का अंक है: ज्योतिष अनुसार नंबर 8 का संबंध शनि ग्रह से माना जाता है। इसलिए इस नंबर से जुड़े जातकों पर शनि ग्रह का विशेष प्रभाव देखने को मिलता है। मूलांक 8 वाले गंभीर और ईमानदार माने जाते हैं। ये लोग भाग्य से ज्यादा कर्म पर भरोसा करते हैं और इन्हें सफलता भी कड़ी मेहनत के बाद ही मिलने के आसार रहते हैं। ये लोग जितनी अधिक मेहनत करते हैं उतना ही सफल होते हैं। ये लोग स्वभाव से शांत होते हैं। लेकिन अगर इन्हें तेज गुस्सा आ जाए तो ये किसी की नहीं सुनते।
स्वभाव: इस मूलांक के लोग अपने मन की बात जल्दी से किसी को नहीं बताते। ये कोई भी काम बड़े ही रहस्यमयी तरीके से करते हैं और उसे अंजाम तक पहुंचाने की पूरी कोशिश करते हैं। ये लोग किसी भी विषय पर बड़े ही गहराई से सोचते हैं। इन्हें दिखावा और चापलूसी करने वाले लोग बिल्कुल भी पसंद नहीं आते। ये लोग एक बार जो काम हाथ में लेते हैं उसे पूरा करने की हर संभव कोशिश करते हैं। इन लोगों में हर परिस्थिति में ढलने की आदत होती है।
आर्थिक स्थिति: इस मूलांक के लोग धीरे-धीरे ही सही पर अच्छी सफलता हासिल कर लेते हैं। इन लोगों में धन संग्रह करने की अच्छी आदत होती है। इन्हें फिजूलखर्चे करना बिल्कुल भी पसंद नहीं होता। ये पैसा बहुत ही सोच समझकर खर्च करते हैं। यही कारण है कि ये धन जोड़कर धनवान बन जाते हैं। (यह भी पढ़ें- शनि के मार्गी होते ही मिथुन, धनु समेत इन राशियों के कष्ट होंगे कम, जानिए शनि के मार्गी होने का दिन)
इस क्षेत्र में बना सकते हैं करियर: मूलांक 8 वालों के लिए शनि ग्रह से संबंधित व्यापार करना अधिक उत्तम रहता है। ये लोग इंजीनियर, तेल, पेट्रोल पंप, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, रियल एस्टेट, कंस्ट्रक्शन, राजनीति और लोहे की वस्तुओं से संबंधित काम में अपना करियर बना सकते हैं। (यह भी पढ़ें- ज्योतिष अनुसार इन 4 राशि वालों के पेट में नहीं पचती कोई बात, इनसे पर्सनल बातें सोच समझकर ही करें शेयर)