Navratri 2019 Date October: शारदीय नवरात्रि 2019, 29 सितंबर से शुरू होकर 7 अक्टूबर तक चलेंगी। इन दिनों मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि विधान पूजा की जाती है। हिंदू धर्म के लोग नवरात्रि के समय अपने घर में कलश की स्थापना करते हैं और उपवास रखा जाता है। जानिए किन राशि वालों पर मां दुर्गा की विशेष कृपा रहने वाली है और राशि अनुसार जानें किन उपायों को करने से देवी को प्रसन्न किया जा सकता है…
मेष – इन राशि वालों के लिए नवरात्रि के दिन बेहद ही खास रहने वाले हैं। माता दुर्गा के आशीर्वाद से आप व्यापार और नौकरी में तरक्की करेंगे। इनकम में बढ़ोतरी के भी आसार हैं। लंबी यात्रा से लाभ मिलेगा। लेकिन पेट दर्द की समस्या आपको परेशान कर सकती है। इसलिए इन नौ दिनों में माता को लाल पुष्प अर्पित कर लाल चंदन की माला से देवी के मंत्रों का जाप करें।
वृषभ – आपको करियर में कुछ उन्नति देखने को मिल सकती है। लेकिन दुश्मन आपके कार्यों को बिगाड़ने की कोशिश करेंगे। शत्रुओं पर विजय प्राप्त करने के लिए नवरात्रि में सफेद चंदन या स्फटिक की माला से दुर्गा जी के मंत्र का जप करें और नैवेद्य में सफेद बर्फी या मिश्री का भोग लगा सकते हैं।
मिथुन – नौकरी की तलाश कर रहे जातकों के लिए दिन शुभ रहने वाले हैं। आप के अंदर आत्मविश्वास बढ़ेगा। सफलता प्राप्त करने के लिए तुलसी की माला से जप कर गायत्री दुर्गा मंत्रों का जाप कर सकते हैं। नैवेद्य में खीर का भोग लगाएं।
कर्क – बिजनेस करने वाले जातकों को अपने पार्टनर से धोखा मिल सकता है। झगड़े काफी ज्यादा होने के आसार हैं। गुस्सा नाक पर चढ़ा रहेगा। मानसिक तनाव ज्यादा रह सकते हैं। लेकिन नवरात्रि में सफेद चंदन या स्फटिक की माला से जप कर नैवेद्य में दूध या दूध से बनी मिठाई का भोग लगाने से माता का आशीर्वाद प्राप्त होगा। जिससे समय अच्छा व्यतीत होगा।
सिंह – आपको लंबे समय बाद कोई खुश खबरी मिल सकती है। कोई जरूरी कार्य पूरा होगा। संतान सुख प्राप्त होने के आसार हैं। लंबी बीमारी से छुटकारा मिलेगा। यात्रा फलदायी रहेगी। माता को प्रसन्न करने के लिए नौ दिन गुलाबी रत्न से बनी माला का प्रयोग व नैवेद्य में कोई भी मिठाई अर्पित करें।
कन्या – आपका स्वास्थ्य कुछ बिगड़ सकता है। अगर उपवास रख पाना संभव न हो तो नवरात्रि के पहले और आखिरी दिन व्रत रख सकते हैं। बाहर का खाना खाने से बचें। इस नवरात्रि आप नौ दिनों तक मां दुर्गा की सच्चे मन से उपासना करें और तुलसी की माला से गायत्री दुर्गा मंत्रों का जाप करें।
तुला – तुला राशि वालों को धन लाभ के प्रबल आसार हैं। मकान खरीद सकते हैं। बच्चों की तरक्की होगी। घर में सुख समृद्धि बनी रहे इसके लिए नवरात्रि के दिनों में स्फटिक की माला से मां दुर्गा के मंत्रों का जाप करें।
वृश्चिक – नवरात्रि के दिनों में आपको कोई शुभ समाचार सुनने को मिल सकता है। घर का माहौल पूरी तरह से भक्तिमय और खुशहाल रहने वाला है। नया काम शुरू हो सकता है। मां दुर्गा की उपासना करें और इन दिनों गरीबों की सहायता करें।
धनु – धनु वालों के घर में नवरात्रि के दिनों में मां लक्ष्मी का होगा वास, नया वाहन खरीदने के आसार हैं। भौतिक सुखों की प्राप्ति होगी। कोई शुभ कार्य संपन्न होगा। नवरात्रि में हल्दी की माला से बगुलामुखी या दुर्गा जी का कोई भी मंत्र से जप ध्यान कर लाभ पा सकते है। नैवेद्य स्वरूप पीली मिठाई व केले चढ़ाएं।
मकर – आपके खर्चों में बढ़ोतरी हो सकती है। निवेश में घाटा होने के आसार हैं। आर्थिक स्थिति कुछ गड़बड़ा सकती है। परेशानियों के निवारण हेतु आप नवरात्रि में मां दुर्गा की विशेष पूजा अर्चना करें। उनके प्रभावशाली मंत्रों का रोजाना जाप करें। और भोग में हलवा चढ़ाएं।
कुंभ – आपकी आर्थिक तरक्की में आ रही बाधा दूर होगी। लेकिन घर में क्लेश का माहौल रह सकता है। शांति के लिए नीले पुष्प व नीलमणि की माला से जाप करें और भोग में उड़द से बनी मिठाई का प्रयोग करें।
मीन – मीन राशि वालों के लिए समय अनुकूल रहेगा। व्यापार में अच्छी खासी बढ़ोतरी हो सकती है। लेकिन यात्रा करते समय सावधानी बरतें। किसी कीमती वस्तु के चोरी होने का भय रहेगा। उपाय के लिए दुर्गा जी के मंत्र का जाप करें और नैवेद्य हेतु पीली मिठाई व केले चढ़ाएं।

