Mesh Rashi Varshik Rashifal 2020 (Aries Yearly Horoscope): राशिफल 2020 के अनुसार मेष राशि वालों के शुभ संकेत है। वार्षिक कुंडली के मुताबिक भाग्य स्थान में सूर्य, बुध, गुरु, शनि और केतु एक स्थान पर बैठेंगे। जिसके कारण भाग्य में वृद्धि होगी। धन और स्वास्थ्य की दृष्टि से भी साल 2020 अच्छा रहेगा। साल के आरंभ में स्वास्थ्य को लेकर सावधान रहना होगा। नए साल में लगभग नौ महीने तक राहु आपकी कुंडली के पराक्रम भाव में रहेंगे, जिस कारण आपके अंदर पराक्रम भरा रहेगा। यात्रा योग बनेगा। लंबे समय से चली आ रही विदेश यात्रा की बाधा दूर होगी। वैसे लोग जो खुद का बिजनेस करना चाहते हैं, रियल एस्टेट में पैसा लगाना चाहते हैं, रेस्टोरेंट के काम से जुड़े हैं उनके लिए यह साल बेहद अनुकूल रहने वाला है।
इस साल की कुंडली में लाभ स्थान में चंद्रमा की युति है। जिसकी वजह से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इसके अलावा वाहन सुख का भी योग है। साल के शुरुआत में शनि के राशि परिवर्तन से कार्यक्षेत्र में उन्नति के योग बनेंगे। जो काम पहले से अटके पड़े थे उसे पूरा कर पाएंगे। साथ ही पिता से मतभेद हो सकता है। कुछ समय के बाद कामकाज में बाधा उत्पन्न हो सकती है। कार्यस्थल पर अधिकारियों के साथ अच्छा तालमेल बनाकर चलना होगा। अन्यथा मुश्किल खड़ी हो सकती है। 30 मार्च को बृहस्पति आपकी कुंडली के भाग्य स्थान से कर्म स्थान पर जाएंगे। इस स्थिति में वे नीच राशि में होंगे। ज्योतिष के मुताबिक ग्रह का नीच राशि में होना अशुभ है। परंतु, आपकी कुंडली में पहले से कर्म भाव में शनि के होने से छोटे-मोटे कार्य भी लाभ दिलाने वाले होंगे।
11 मई, 2020 को शनि का वक्री होने से कार्यक्षत्र में बदलाव की संभावना है। इसके अलावा शनि के प्रभाव से पिता का स्वास्थ्य प्रभावित होगा। शनि वक्री के बाद 14 मई को गुरु भी वक्री होंगे। जिसके प्रभाव से आप आपके अधूरे कार्य पूरे कर सकते हैं। साथ ही रिलेशनशिप को लेकर चल रही समस्याओं का समाधान मिलेगा। 13 सितंबर, 2020 को गुरु मार्गी हो जाएंगे, जिसके परिणामस्वरूप आपके मन में कार्य को लेकर नए-नए विचार आएंगे।
फिर 23 सितंबर को आपकी कुंडली के दूसरे भाव में राहू का प्रवेश होगा। जिस कारण आप किसी पारिवारिक विवाद में फंस सकते हैं। परिवार के सदस्यों के साथ मतभेद होगा। इसके बावजूद भी आपको व्यापार में लाभ मिलने के संकेत हैं। साथ धन में वृद्धि के भी संकेत हैं। इसके साथ ही केतु का अष्टम भाव में आने से अचानक धन लाभ का योग बनेगा। 29 सितंबर, 2020 को शनि मार्गी हो जाएंगे। जिसके परिणामस्वरूप बाधाओं से मुक्ति मिलेगी। साथ ही साथ अटके हुए कार्य भी पूरे होंगे।