Happy Krishna Janmashtami 2019 Celebration: कान्हा के बर्थडे को लेकर पूरे देश में धूम मची हुई है। मथुरा-वृंदावन में इसके लिए तीन दिवसीय महोत्सव मनाया जा रहा है, जिसकी शुरुआत शुक्रवार (23 अगस्त) से हो गई है। इसका मुख्य आकर्षण 24 अगस्त को होने वाला दही हांडी कार्यक्रम होगा, जिसके लिए मुंबई से टीम आई है। हालांकि, ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर व प्रेम मंदिर में जन्माष्टमी का त्योहार शुक्रवार को ही मनाया जा रहा है। इसके अलावा वृंदावन, मथुरा, गोवर्धन, नंदगांव व गोकुल के कई प्रमुख मंदिरों में 24 अगस्त को जन्माष्टमी मनाई जाएगी। हालांकि, फिल्मी सितारे आज ही जन्माष्टमी की बधाई दे रहे हैं। साथ ही, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट करके जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी हैं।

बांकेबिहारी मंदिर में शयन भोग सेवाधिकारी मनोज गोस्वामी ने बताया, ‘‘23 अगस्त की रात 12 बजे कान्हा का महाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद रात 1:45 बजे मंदिर के जगमोहन चांदी का पालना डाला जाएगा, जिसमें कृष्ण भगवान अपने भक्तों को दर्शन देंगे। इसके बाद साल में एक बार होने वाली मंगला आरती रात 1:55 बजे शुरू होगी। रात 2 से सुबह 5:30 बजे तक कान्हा को चांदी के पालने में ही रखा जाएगा। 24 अगस्त को सुबह 7:45 बजे से दोपहर 12 बजे तक नंदोत्सव होगा।’’

Live Blog

Highlights

    13:42 (IST)23 Aug 2019
    शिवराज ने की कान्हा की पूजा

    जन्माष्टमी के अवसर पर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल स्थित राधा कृष्णा मंदिर में पूजा-अर्चना की।

    13:22 (IST)23 Aug 2019
    आंध्र प्रदेश में कान्हा बने नन्हे-मुन्ने बच्चे

    जन्माष्टमी के मद्देनजर आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा व अमरावती में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मासूम बच्चे कान्हा व राधा के रूप में नजर आए, जिन्होंने लोगेां का मन मोह लिया।

    12:29 (IST)23 Aug 2019
    सीएम योगी करेंगे दही हांडी कार्यक्रम का उद्घाटन

    जानकारी के मुताबिक, सीएम योगी 24 अगस्त को मथुरा आएंगे। वह जिले में हो रहे श्रीकृष्णोत्सव 2019 का अनौपचारिक उद्घाटन करेंगे। साथ ही, 24 अगस्त को होने वाली दही हांडी कार्यक्रम की शुरुआत भी करेंगे।

    11:38 (IST)23 Aug 2019
    मथुरा में हाईअलर्ट घोषित

    कान्हा की नगर मथुरा में जन्माष्टमी की धूम मची हुई है। हालांकि, त्योहार के मद्देनजर पूरे जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है और इसे 22 सेक्टरों में बांट दिया गया है। वहीं, सिर्फ श्रीकृष्ण जन्मस्थान की सुरक्षा व्यवस्था को 3 जोन और 16 सेक्टरों में बांटकर निगरानी की जा रही है। वहीं, वृंदावन, गोवर्धन, नंदगांव और गोकुल के सभी प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। बताया जा रहा है कि सभी प्रमुख मंदिरों में व्यवस्था के लिए 3-3 मैजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

    11:32 (IST)23 Aug 2019
    गर्भगृह बनाया कूल-कूल

    जानकारी के मुताबिक, कान्हा की जन्मभूमि को जमकर सजाया गया है। इस दौरान गर्भगृह को वातानुकूलित बनाया गया है। आयोजकों का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं को गर्मी से नहीं जूझना पड़ेगा। साथ ही, गर्भगृह को दिव्यरूप भी दिया जा रहा है।

    11:22 (IST)23 Aug 2019
    कान्हा की लीलाएं करेंगी आकर्षित

    श्रीकृष्ण जन्म सेवा संस्थान के सचिव कपिल मिश्रा का दावा है कि जन्माष्टमी के मद्देनजर मनमोहक झांकियां सजाई गई हैं। इनके माध्यम से कान्हा की लीलाएं दिखाई जाएंगी, जो लोगों का मन मोह लेंगी।

    10:32 (IST)23 Aug 2019
    मथुरा: जन्मोत्सव के लिए सवा करोड़ मंजूर

    मथुरा में कृष्ण जन्मोत्सव के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सवा करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। सरकार ने निर्देश दिए हैं कि अयोध्या के दीपोत्सव की तरह मथुरा में जन्मोत्सव मनाया जाए।

    09:43 (IST)23 Aug 2019
    मथुरा में भी सजे मंदिर

    कान्हा के बर्थडे को लेकर मथुरा में तीन दिवसीय महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसकी शुरुआत शुक्रवार (23 अगस्त) सुबह से हो गई है। ऐसे में शहर के सभी प्रमुख मंदिर सजा दिए गए हैं। इनकी रौनक देखते ही बनती है।

    09:38 (IST)23 Aug 2019
    कर्नाटक: इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव शुरू

    कर्नाटक के इस्कॉन मंदिर में कृष्ण जन्मोत्सव की शुरुआत हो गई है। इसके तहत मंदिर को बेहद सुंदर तरीके से सजाया गया है। वहीं, मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है, जिसके लिए खासे इंतजाम किए गए हैं। मंदिर के प्रमुख का कहना है कि रात 12 बजे भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।