घर से निकलते समय हर कोई यही चाहता है कि आज का दिन उसका अच्छा रहे और उसे हर काम में सफलता मिले। लेकिन अकसर ऐसा नहीं हो पाता है। हालांकि किसी भी काम में सफलता आपके प्रयासों पर निर्भर करती है लेकिन कई बार कुछ नकारात्मक चीजों के कारण निराशा हाथ लग जाती है। मान्यताओं अनुसार घर से निकलते समय शुभ अशुभ चीजों का ध्यान रखना चाहिए। यहां हम बात करेंगे उन चीजों के बारे में जो घर से निकलते समय अशुभ संकेत मानी जाती हैं। जिससे काम के बिगड़ने के आसार ज्यादा रहते हैं।

यदि आपको किसी काम पर जाते हुए रास्ते में सिक्का गिरा मिले तो इसका मतलब है कि आपका काम होने में देरी लगेगी। वहीं यदि रास्ते में धन नोट रूप में मिले तो इसका मतलब आपका रुका हुआ काम बन सकता है। वहीं घर से निकलते समय यदि हाथी, पान का पत्ता, मछली या कोई अर्थी दिखाई दे तो ये शुभ संकेत है वहीं दूध का उबलना, खाली बर्तन या कूड़ा दिखना अशुभ संकेत है।

मान्यताओं अनुसार घर से निकलते समय यदि कोई छींक मार दे तो काम के बिगड़ने के आसार रहते हैं। अगर बिना बीमारी के छींक आये तो ही इसका महत्व है वरना नहीं। लेकिन अगर दो या दो से ज्यादा छींक आये तो समझिए आपका काम बन जाएगा। अगर घर से निकलने पर अशुभ संकेत मिल रहे हैं तो तुरंत अपने इष्ट देव को याद करें।

अगर घर से निकलते समय कोई जरूरतमंद आपसे किसी चीज की मांग करे तो उसकी मदद जरूर करें। अगर घर से निकलने के बाद आपको ध्यान आए कि आप अपनी कलम या फिर रुमाल भूल गए हैं तो समझिये कि आज ऑफिस में आपका किसी से झगड़ा हो सकता है। घर से निकलते ही अगर कोई चिड़िया आपके सिर पर बीट कर दे तो इसका मतलब है कि आपको कोई बड़ा आर्थिक लाभ होने वाला है।

अगर आपका पैर कीचड़ या गोबर में पड़ जाए तो आपको हानि होने के आसार रहते हैं। अगर घर से निकलते समय कुत्ते का रोना सुनायी दे तो यह कार्य या यात्रा में बाधा आने का लक्षण हैं। अगर घर से निकलते समय कोई आपको टोक दे तो इसका मतलब है कि आपको असफलता हाथ लग सकती है। ऐसा होने पर आप तुरंत अपने इष्ट देवता का स्मरण करें और दो घूंट पानी पीकर आगे बढ़ें।

मान्यताओं अनुसार बिल्ली का रास्ता काटना अपशगुन माना जाता है। यदि कोई यात्रा पर जा रहा हो तब ऐसा होता है तो मतलब यात्रा में कष्ट आने के आसार रहेंगे। लेकिन इससे आपको डरने की जरुरत नहीं है बल्कि ऐसा होने पर आप कुछ कदम पीछे हट जाएं। फिर अपने इष्ट का स्मरण करके आगे बढ़ें। इससे दोष टल जाएगा।