Holi Lucky Color For Your Zodiac Sign: होली का पावन त्योहार साल 2021 में 29 मार्च को मनाया जाएगा। होली पर्व हर किसी के लिए खास होता है। होली में लोग एक दूसरे पर रंग लगाते हैं। रंगों का हमारे ग्रह-नक्षत्रों से भी नाता होता है। हर ग्रह का अपना एक खास रंग माना गया है। ज्योतिष अनुसार ग्रहों के अनुसार रंग का प्रयोग करने से न केवल ग्रह मजबूत होते हैं बल्कि जीवन में कई परेशानियां भी दूर हो जाती हैं।

मंगल ग्रह के स्वामित्व वाली राशियां: मंगल मेष और वृश्चिक राशियों के स्वामी हैं। इस ग्रह का प्रिय रंग लाल माना जाता है। इसलिए इन राशियों के जातकों को लाल गुलाल से होली खेलनी चाहिए। इसी के साथ आपके लिए पीला और गुलाबी रंग भी शुभ रहेगा। क्योंकि ये दोनों ही रंग आपकी मित्र राशियों से संबंधित है। इन तरह से होली खेलने से आपके मान-सम्मान में वृद्धि होगी।

शुक्र ग्रह के स्वामित्व वाली राशियां: वृषभ और तुला राशियों के स्वामी शुक्र हैं। शुक्र का रंग सफेद और गुलाबी बताया जाता है। इसलिए आप इन रंगों से होली खेल सकते हैं। इसी के साथ आपके लिए अन्य शुभ रंग हल्का नीला और आसमानी है। इस होली आप इन रंगों का प्रयोग करके होली खेलते हैं तो आपके जीवन में खुशियां आ सकती हैं।

बुध ग्रह के स्वामित्व वाली राशियां: मिथुन और कन्या राशियों के स्वामी ग्रह बुध हैं। बुध का प्रिय रंग हरा माना जाता है। होली पर हरे रंग का प्रयोग जरूर करें। साथ ही आपके लिए अन्य शुभ रंग नारंगी, पीला, आसमानी और गुलाबी है।

चंद्र ग्रह के स्वामित्व वाली राशि: चंद्रमा केवल कर्क राशि का स्वामी ग्रह होता है। जो हमारे मन का कारक माना गया है। चंद्रमा का रंग सफेद होने के कारण आपके लिए शुभ रंग सफेद होता है। अगर सफेद रंग उपलब्ध न हो पाए तो आप किसी भी रंग में दही मिलाकर होली खेल सकते हैं।

सूर्य ग्रह के स्वामित्व वाली राशि: सूर्य सिर्फ सिंह राशि के स्वामी ग्रह हैं। सूर्य का रंग नारंगी है। इसलिए होली पर इस रंग का प्रयोग आपके लिए शुभ रहेगा। इसके अलावा आप पीले और हल्के हरे रंग से भी होली खेल सकते हैं।

बृहस्पति ग्रह के स्वामित्व वाली राशियां: धनु और मीन राशियों के स्वामी बृहस्पति का रंग पीला माना जाता है। इसलिए पीले रंग से होली खेलना आपके लिए सबसे ज्यादा शुभ रहेगा। इसके अलावा आप नारंगी रंग का भी गुलाल इस्तेमाल कर सकते हैं।

शनि ग्रह के स्वामित्व वाली राशियां: शनि ग्रह मकर और कुंभ राशियों के स्वामी हैं। काला और नीला रंग शनि का प्रिय माना जाता है। ऐसे में आप होली पर नीले, आसमानी और फिरोजी रंग का इस्तेमाल कर सकते हैं।