Holi 2019 Puja Vidhi, Muhurat and Time in UP, Bihar, Gurgaon, Delhi, Rajasthan: होली का त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत के लिए मनाया जाता है। हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार श्री हरी ने अपने भक्त प्रह्लाद की रक्षा की और जो चिता, होलिका ने प्रह्लाद को जलाने के लिए जलाई थी उसमें स्वयं होलिका जल कर मर गई थी, तभी से इस दिन को बुराई पर अच्छे की जीत के प्रतीक के रूप में जाना जाता है। इसलिए हिन्दू धर्म में होलिका दहन की परंपरा प्रचलित है।

होलिका दहन से अगले दिन दुलहंडी (रंग) खेला जाता है। इस दिन लोग अपने सगे-संबंधियों से मिलकर रंगों के साथ होली का त्योहार सेलिब्रेट करते हैं। इस साल 20 और 21 मार्च को होली का त्योहार है। आइए जानते हैं होली पूजन विधि और शुभ-मुहूर्त।

होली पूजन शुभ मुहूर्त: पंचांग के अनुसार, 20 मार्च को सुबह 10.45 बजे से रात 8.59 बजे तक भद्रा काल बना रहेगा। इस वजह से होलिका दहन का शुभ मुहूर्त रात 9 बजे से मध्यरात्रि 12.20 तक रहेगा। क्योंकि भद्रा में होलिका दहन नहीं किया जाता, इसे विघ्नकारक माना जाता है। इस समय होलिका दहन करने से हानि और अशुभ फलों की प्राप्ति होती। होलिका की पवित्र आग में लोग जौ की बाल और शरीर पर लगाए गए सरसों के उबटन को डालते हैं। ऐसी मान्यता है कि ये करने से घर में खुशी आती है। पूर्णिमा तिथि अगले दिन यानी 21 मार्च को 7 बजकर 10 मिनट तक रहेगी।