मां दुर्गा की अराधना का पर्व शारदीय नवरात्रि 10 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। इस पर्व में मां दुर्गा के 9 स्वरुपों की अराधना की जाती है। बंगाल सहित सारे देश में दुर्गा पूजा का त्योहार बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाता है। आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रथमा तिथि से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्र के अलावा भी साल में तीन अन्य नवरात्र होते हैं लेकिन इनमें शारदीय और चैत्र नवरात्र ही लोकप्रिय हैं। आश्विन महीने में पड़ने वाले नवरात्र को महानवरात्र भी कहा जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि, इस नवरात्र के बाद दशहरे का त्योहार भी आता है। दशहरे के दिन ही नौ दिन के व्रत का पारण किया जाता है। ऐसी मान्यता है कि दशहरे के दिन ही भगवान राम ने लंका के राजा रावण का वध कर विजय प्राप्त की थी।
इस त्योहार पर घट-स्थापना के लिए जवारे के लिए गेंहू या जौं बोया जाता है। इसके बाद 9 दिन तक इन्हें अंकुरित किया जाता है। ये जवारे सुख-समृद्धि और साधना की सफलता के प्रतीक माने जाते हैं। नवरात्र में श्रद्धालु 9 दिनों का व्रत रखते हैं और कलश स्थापना कर माता दुर्गा की अराधना करते हैं। नवरात्र के आखिरी दिन दुर्गा पूजन के बाद कन्या पूजन का विधान है। इसके बाद ही नवरात्र व्रत पूर्ण माना जाता है।
इस दौरान लोग अपने करीबियों को संदेशों, वालपेपर्स और इमेजेज के जरिए शुभकामनाएं देते हैं। आज हम आपके लिए कुछ ऐसे ही शानदार फोटोज लेकर आए हैं। नवरात्र में मां दुर्गा की अखंड ज्योत की बड़ी मान्यता है। हालांकि इसके कई कड़े नियम हैं, जिनका पालन करना जरुरी होता है। मान्यता के अनुसार, दीया हमेशा चावल के ऊपर ही रखना चाहिए। साथ ही अखंड दीप की लौ को गलत दिशा में रखने पर विपरीत प्रभाव होता है। दिए की लौ मां दुर्गा की तस्वीर के समक्ष लगायी जाती है। हालांकि इसमें ध्यान रखें कि लौ मां दुर्गा की तस्वीर के बाईं ओर लगायी जाए।




 
 
 
 

