Guru Purnima 2021 Date, Puja Vidhi, Vrat Vidhi, Timings: आषाढ़ महीने की पूर्णिमा को गुरु पूर्णिमा और व्यास पूर्णिमा (Vyasa Puja 2021) के नाम से जाना जाता है। हिंदू धार्मिक मान्यताओं अनुसार इस दिन श्रीमद्भागवत, महाभारत, ब्रह्मसूत्र, मीमांसा के अलावा 18 पुराणों के रचियाता माने जाने वाले महर्षि वेदव्यास का जन्म हुआ था। इन्हें सनातन धर्म में प्रथम गुरु का दर्जा प्राप्त है। इन्हीं के जन्म दिवस को गुरु पूर्णिमा के तौर पर मनाया जाता है। इस बार गुरु पूर्णिमा 24 जुलाई को मनाई जाएगी। जानिए इस दिन किन उपायों को करने से भाग्य में वृद्धि होने की है मान्यता और क्या है पूजा विधि…

गुरु पूर्णिमा मुहूर्त: प्रत्येक वर्ष हिन्दू वर्ष के चौथे महीने आषाढ़ की पूर्णिमा तिथि को गुरु पूर्णिमा मनाई जाती है। इस साल ये पर्व 24 जुलाई को शनिवार के दिन मनाया जाएगा। पंचांग के अनुसार पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 23 जुलाई को शुक्रवार की सुबह 10 बजकर 45 मिनट से हो चुकी है और 24 जुलाई को शनिवार की सुबह 08 बजकर 08 मिनट पर इसका समापन हो जाएगा। ऐसे में गुरु पूर्णिमा का पर्व 24 जुलाई मनाया जाएगा।

गुरु पूर्णिमा पूजा विधि: इस दिन सुबह उठकर पवित्र नदी में स्नान करना चाहिए। लेकिन कोरोना काल में बेहतर होगा कि आप घर पर ही नहाने के पानी में गंगाजल डालकर स्नान कर लें। इस दिन भगवान विष्णु के समक्ष दीपक जलाकर उनके वैदिक मंत्र का जान करें। विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें। मान्यता है कि ऐसा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस दिन भगवान को खीर का भोग लगाएं। जरूरतमंदों को कुछ न कुछ दान जरूर करें। इस दिन बरगद के पेड़ की भी पूजा करनी चाहिए।

गुरु पूजन विधि: इस दिन प्रातःकाल स्नान पूजा आदि नित्यकर्मों को करने के बाद शुद्ध वस्त्र धारण करना चाहिए। फिर व्यास जी की प्रतिमा को सुगन्धित फूल या माला चढ़ाकर अपने गुरु से मिलने जाना चाहिए। अपने गुरु को आसन पर बैठाकर उन्हें पुष्पमाला पहनानी चाहिए। इसके बाद उन्हें श्रद्धानुसार वस्त्र, फल, फूल व माला अर्पित करनी चाहिए।

गुरु पूर्णिमा के मंत्र:
-गुरुर्ब्रह्मा, गुरुर्विष्णु गुरुर्देवो महेश्वर:।
गुरुर्साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्री गुरुवे नम:।।
-ॐ परमतत्वाय नारायणाय गुरुभ्यो नम:।
-ॐ वेदाहि गुरु देवाय विद्महे परम गुरुवे धीमहि तन्नौ: गुरु: प्रचोदयात्।
-ॐ गुं गुरुभ्यो नम:।
-ॐ गुरुभ्यो नम:।

गुरु पूर्णिमा के उपाय: 

-ज्योतिषशास्त्र अनुसार अगर करियर में तरक्‍की न हो रही हो तो उसके लिए इस दिन किसी जरूरतमंद को पीली चीजें दान करनी चाहिए। जैसे चने की दाल, बेसन, पीला वस्त्र और पीली मिठाई या फ‍िर गुड़। अगर पुखराज दान कर सकते हैं तो किसी योग्‍य व्यक्ति को उसका दान जरूर करना चाह‍िए।

-जिन विद्यार्थियों की पढ़ाई में दिक्कतें आ रही हैं उन्‍हें गुरु पूर्णिमा के दिन गीता पाठ जरूर करना चाहिए। अगर पूरी गीता पढ़ना संभव न हो तो आप गीता के क‍िसी एक अध्‍याय का भी पाठ कर सकते हैं। इसके अलावा एक दूसरा उपाय ये है कि भगवान श्रीकृष्‍ण की विधि विधान पूजा-अर्चना करके गाय माता की सेवा करें। मान्यता है कि ऐसा करने से व‍िद्यार्थियों के जीवन में आने वाली सारी परेशान‍ियां दूर हो जाती हैं।

-मान्‍यता है क‍ि अगर क‍िसी व्यक्ति की कुंडली में गुरु दोष है तो बृहस्‍पति मंत्र ‘ऊं बृं बृहस्पतये नमः’ का जप गुरु पूर्णिमा के दिन करना चाह‍िए।  आप इस मंत्र का अपनी श्रद्धा के अनुसार 11, 21, 51 या फ‍िर 108 बार जप कर सकते हैं।

– किसी भी कार्य में सफलता के लिए इस दिन भगवान कृष्‍ण के सामने गाय के घी का दीपक जलाकर उनसे अपने मन की बात कह दें। ऐसे करने से बिगड़े हुए काम बनने की मान्यता है।

-गुरु पूर्णिमा के दिन पर पीपल के पेड़ की जड़ों में मीठा जल चढ़ाने से मां लक्ष्मी की कृपा बरसने की मान्यता है।

-इस दिन शाम को तुलसी के पौधे के सामने शुद्ध देशी घी का दीपक जलाने से सौभाग्य की प्राप्त होने की मान्यता है।

Live Blog

17:39 (IST)23 Jul 2021
Guru Purnima 2021: गुरु पूर्णिमा के दिन क्या करें

सुबह जल्दी उठकर नदी में स्नान करें

इसके बाद गुरु वेदव्यास की पूजा करें

इस दिन किसी को गुरु बनाते हैं या अपने गुरु का पूजन करते हैं.

व्रत रखकर पूरे दिन श्री विष्णु का ध्यान करते हैं.

सत्यनारायण भगवान का कथा पूजन करते हैं.

16:38 (IST)23 Jul 2021
गुरु पूर्णिमा पर बन रहे शुभ योग:

इस साल गुरु पूर्णिमा पर विष्कुंभ योग बन रहा है. सुबह 06 बजकर 12 मिनट तक प्रीति योग बन रहा है जो 25 जुलाई की सुबह 03 बजकर 16 मिनट तक रहेगा. इसके बाद आयुष्मान योग लग जाएगा.

16:04 (IST)23 Jul 2021
गुरु पूर्णिमा 2021 का शुभ मुहूर्त:

पूर्णिमा तिथि: 23 जुलाई 2021, शुक्रवार
पूर्णिमा तिथि आरंभ: 24 जुलाई 2021, शनिवार की सुबह 10 बजकर 45 मिनट से
पूर्णिमा तिथि समाप्त: 25 जुलाई 2021, रविवार की सुबह 08 बजकर 08 मिनट तक

15:33 (IST)23 Jul 2021
गुरु पूर्णिमा पर चंद्र दोष से मुक्ति के उपाय:

गुरु पूर्णिमा की शाम को दूध में गंगाजल और अक्षत मिलाकर चंद्रमा को इससे अर्घ्य देना चाहिए। माना जाता है कि ऐसा करने से चंद्र दोष से मुक्ति मिल जाती है। चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद चंद्रदेव के मंत्र ‘ॐ सों सोमाय नमः’का जप जरूर करें।

15:03 (IST)23 Jul 2021
गुरु पूर्णिमा पर ज्ञान की वृद्धि के लिए इन मंत्रों का करें जाप (Guru Purnima 2021):

ॐ ग्रां ग्रीं ग्रौं स: गुरवे नम:।
ॐ बृं बृहस्पतये नम:।
ॐ गुं गुरवे नम:।

14:21 (IST)23 Jul 2021
पूर्णिमा के दिन कभी न करें ये काम:

गुरु पूर्णिमा पर घर को गंदा नहीं रखना चाहिए।
कठोर वचन नहीं बोलना चाहिए।
किसी स्त्री या बुजुर्ग व्यक्ति का अपमान भूलकर भी नहीं करना चाहिए।
मांस-मदिरा आदि तामसिक चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए।

14:12 (IST)23 Jul 2021
गुरु पूर्णिमा का महत्व:

सभी पूर्णिमाओं में इस पूर्णिमा का महत्व सबसे ज्यादा माना जाता है। गुरु पूर्णिमा के दिन हम अपने गुरुजनों, महापुरुषों, माता-पिता एवं श्रेष्ठजनों के लिए कृतज्ञता और आभार व्यक्त करते हैं।