Eid 2021 Date: ईद-उल-फितर यानी मीठी ईद मुस्लिमों का पावन त्योहार है। इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार, रमजान महीने के बाद 10वें शव्वाल की पहली तारीख को ईद मनाई जाती है। हालांकि ईद की डेट चांद को देखकर निश्चित की जाती है। इस साल ईद 13 या फिर 14 मई को मनाई जा सकती है। अगर 12 मई को चांद दिखाई देता है तो 13 मई को ईद होगी और अगर 13 मई को चांद का दीदार होता है तो फिर ये पवित्र पर्व 14 मई को मनाया जाएगा। जानिए क्यों खास होती है मीठी ईद…
ईद-उल-फितर के अवसर पर खासतौर से मीठे पकवान बनते हैं। इस दिन का मुख्य पकवान मीठी सेवइयां हैं जो घर आए मेहमानों को खिलाई जाती हैं। दोस्तों और रिश्तेदारों में भी ईदी बांटी जाती है। लोग इस दिन एक-दूसरे के गले मिलकर ईद मुबारक कहते हैं। मुख्य रूप से ये त्योहार भाईचारे का संदेश देता है। ईद उल फितर के दिन मुस्लिम लोग सुबह-सुबह नए कपड़े पहनकर नमाज अदा करते हैं। इस मौके पर लोग खुदा का शुक्रिया अदा करते हैं क्योंकि अल्लाह ने उन्हें रमजान के पूरे महीने में रोजा रखने की ताकत दी। ईद के मौके पर जकात (एक खास रकम) गरीबों और जरूरतमंदों के लिए निकालना फर्ज बताया गया है।
मुस्लिम धार्मिक मान्यताओं अनुसार रमजान के महीने में रोजे रखने के बाद अल्लाह अपने बंदों को बख्शीश देते हैं। इसी बख्शीश देने के दिन को ईद-उल-फितर के नाम से जाना जाता है। कहा जाता है कि ईद उल फितर पर्व की शुरूआत जंग-ए-बद्र के बाद हुई थी। पैगंबर मुहम्मद साहब के नेतृत्व में इस जंग में मुसलमानों की फतेह हुई थी। युद्ध में विजय मिलने के बाद लोगों ने ईद मनाकर अपनी खुशी जाहिर की थी।
ईद का त्योहार मुस्लिम समुदाय के लोगों का सबसे बड़ा त्यौहार माना जाता है। साल में दो बार ईद आती है। इस पर्व को लोग बड़ी धूमधाम के साथ मनाते है। जब रमजान के 30 रोजे पूरे होते हैं तो उसके अगले दिन ईद मनायी जाती है। अगर 13 मई को ईद का पर्व मनाया जाता है तो इस बार रोजे 29 दिन होंगे।