Dussehra (Vijayadashami) 2018 Date: हिंदू मान्यता के मुताबिक साल भर में तीन तिथियां बहुत शुभ फलदायक होती हैं। इनमें पहली तिथि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, दूसरी कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा और तीसरी दशहरा है। दशहरा शारदीय नवरात्र के ठीक बाद आने वाला पर्व है। आश्विन माह की शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को विजयादशमी मनाया जाता है। ऐसा माना जाता है कि इसी दिन भगवान राम ने दश मुख वाले रावण को हराकर असत्य पर सत्य के विजय की प्रतिष्ठा की थी। इसलिए, इसे दशहरा तथा विजयादशमी कहा जाता है। यह हिंदू धर्म का एक प्रमुख त्योहार है। इस दिन देशभर में रामलीला का मंचन किया जाता है तथा रावण के पुतले का दहन किया जाता है। इस साल 19 अक्टूबर को दशहरा मनाया जाएगा।

दशहरे के दिन ही नौ दिन के व्रत का पारण किया जाता है। साथ ही दुर्गा पूजा के दौरान स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन भी दशहरा के ही दिन किया जाता है। इस दिन देश भर में असत्य पर सत्य तथा अधर्म पर धर्म की जीत का उत्सव मनाया जाता है। लोगों के घरों में पकवान बनाए जाते हैं। तमाम तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। रामलीला का मंचन होता है तथा रावण के पुतले जलाकर अपने अंदर की समस्त बुराइयों के संहार का संकल्प लिया जाता है।

Dussehra 2018 Date: जानिए इस साल कब है दशहरा

क्या है शुभ मुहुर्त – आश्विन महीने के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को दशहरा मनाने का रिवाज है। इस साल 18 अक्टूबर को ही दशमी लग जाएगी। 18 अक्टूबर को दोपहर 3: 28 बजे से लेकर 19 अक्टूबर को शाम 5:57 बजे तक दशमी तिथि रहेगी। इस दौरान पूजा-पाठ करना अति उत्तम रहेगा। दशहरा 19 अक्टूबर को ही मनाया जाएगा।

दशहरे के दिन वाहन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, सोना, आभूषण तथा नए वस्त्र खरीदना शुभ होता है। इस दिन नीलकंठ भगवान के दर्शन होना भी शुभफलदायी होता है। दशहरे के दिन नए कार्य की शुरुआत करने पर शुभ फल प्राप्त होता है। माना जाता है कि दशहरे को कोई कार्य शुरू करने से उसमें सफलता मिलने की संभावना बढ़ जाती है।