Mercury Zodiac Sign: ज्योतिष में बुध को शुभ ग्रह माना जाता है। बुध व्यक्ति को बुद्धिमान, स्वभाव से चालाक, कुशल वक्ता, तर्कसंगत बनाता है। जिस जातक की जन्म कुंडली के लग्न भाव में ये स्थित होता है वह व्यक्ति दिखने में आकर्षक होता है। ऐसे लोग सौम्य स्वभाव के होते हैं और इन्हें कई भाषाओं का ज्ञान होता है। बुध के मजबूत होने से व्यक्ति की संवाद शैली काफी अच्छी होती है। बुध मिथुन और कन्या राशि का स्वामी ग्रह है। जानिए बुध के प्रभाव से इन दो राशियों के लोग कैसे होते हैं।

मिथुन राशि: इस राशि के जातक देखने में काफी आकर्षक होते हैं। ये काफी मिलनसार स्वभाव के माने जाते हैं। बुद्धि लगाने वाले कार्यों में इनकी विशेष रुचि होती है और इसमें इन्हें सफलता भी मिलती है। ये काफी जिज्ञासु होते हैं। ये बोलने चालने में काफी अच्छे होते हैं और इसी दम पर ये सफलता भी हासिल कर लेते हैं। करियर के लिहाज से देखा जाए तो इनकी तार्किक क्षमता इन्हें आगे बढ़ने में मदद करती है। इन लोगों के अंदर नेतृत्व का गुण भी मौजूद होता है। इसलिए ये एक टीम लीडर के रूप में अच्छी भूमिका निभाते हैं।

कन्या राशि: इस राशि के जातक काफी मेहनती होते हैं। इन लोगों की प्रबंधन क्षमता काफी अच्छी होती है। इन्हें बेहद ही व्यवस्थित होकर रहना पसंद आता है। ये काफी व्यवहार कुशल होते हैं। इनमें निर्णय लेने की अच्छी क्षमता होती है। ये ईमानदार और स्पष्टवादी होते हैं। इन्हें बचपन में काफी संघर्ष करना पड़ता है लेकिन जैसे-जैसे इनकी उम्र बढ़ती जाती है ये वैसे-वैसे इनकी स्थिति मजबूत होती चली जाती है। ये जीवन में तमाम सुख सुविधाओं को हासिल करने के लिए कठिन परिश्रम करते हैं। ये अपनी बुद्धिमानी से धनवान बनने में सफल रहते हैं। (यह भी पढ़ें- सितंबर महीने में इन 4 राशियों को करियर में सफलता मिलने के प्रबल आसार, हो सकता है प्रमोशन)

बुध मजबूत हो तब: अगर बुध ग्रह मजबूत है तो व्यक्ति अपनी उम्र से छोटा दिखाई देता है। ये जातक गणित विषय में काफी अच्छे होते हैं। बुद्धि के तेज होते हैं और बिजनेस में अच्छी खासी सफलता हासिल कर लेते हैं। ऐसे जातक अच्छे वक्ता बनते हैं। संचार के क्षेत्र में ये काफी नाम कमाते हैं।