Dream Interpretation: सपने हमारे जीवन का एक हिस्सा है। अकसर रात को सोते हुए लोग सपने देखते हैं। स्वप्न शास्त्र अनुसार हर सपने का अपना महत्व होता है जो भविष्य में होने वाली घटनाओं से रूबरू कराता है। सपने कई प्रकार के होते हैं जिनमें से एक सपना होता है मृत व्यक्तियों का। कई बार हम सपने में उन लोगों को देखते हैं जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। तो कई बार जीवित व्यक्तियों को भी मरा हुआ देखते हैं। जानिए मरे हुए लोगों का सपना किस बात का देता है संकेत…

– यदि घर का कोई सदस्य बीमार होकर मरा हो और वह आपको सपने में स्वस्थ दिखाई दे तो इसका अर्थ है कि उसका जन्म किसी अच्छे स्थान पर हो चुका है। ये सपना इस बात का संकेत देता है कि अब आप उनके बारे में सोचकर परेशान न हों।

– मृत व्यक्ति अगर सपने में क्रोधित दिखाई दे तो इसका अर्थ है कि वह आपसे कुछ चाहता है। स्वप्न शास्त्र अनुसार शायद उसकी कोई ऐसी इच्छा है जो मरने से पहले अधूरी रह गई हो। अब वह आपके माध्यम से अपनी इच्छा पूरी करवाना चाहता है।

– यदि मृत व्यक्ति सपने में आपको खुश दिखाई दे तो इसका मतलब है कि आपका आने वाला समय सुखद रहेगा। वहीं अगर मृत व्यक्ति रोता हुआ दिखाई दे तो ये सपना भी शुभ संकेत माना जाता है।

– सपने में अगर आपका कोई मृत दोस्त या कोई जानकार दिखाई दे तो इसका मतलब है कि वह अपना कोई काम आपसे करवाना चाहता है।

– मृत व्यक्ति अगर सपने में बार बार दिखाई दे रहा है और आपको वह किसी ओर इशारा कर रहा है तो इसका मतलब वह असंतुष्ट है। ऐसे में मृत व्यक्ति के परिवार वालों को उसकी आत्मा की शांति के उपाय करने चाहिए। उसके नाम का मीठा दान करने के साथ तर्पण करना चाहिए।

– यदि मरा हुआ व्यक्ति सपने में मौन दिखाई दे तो इसका मतलब वो आपको गलत काम करने से रोक रहा है।

– मृत व्यक्ति अगर आपको सपने में आकर आशीर्वाद दे रहा है तो इसका मतलब आपको किसी कार्य में सफलता प्राप्त होने वाली है।

– अगर मृत व्यक्ति सपने में निर्वस्त्र, बिना जूते-चप्पल के या फिर भूख से व्याकुल दिखाई दे तो इसका मतलब वह आपसे इन चीजों की इच्छा जता रहा है। ऐसा सपना आने पर आपको किसी मंदिर में जाकर या ब्राह्मणों को इन चीजों का दान कर देना चाहिए।

– यदि मरा हुआ व्यक्ति बहुत दूर आकाश में दिखाई दे तो इसका अर्थ है कि उसे मोक्ष की प्राप्ति हो गई है।