Dream Interpretation: सावन का पवित्र मास भगवान शिव को समर्पित है। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की कृपा पाने के लिए विशेष पूजा अर्चना करते हैं। स्वप्न शास्त्र अनुसार इस महीने में दिखने वाले सपनों का भी अपना महत्व होता है। कुछ सपने ऐसे हैं जो बताते हैं कि आपके ऊपर भगवान शिव की असीम कृपा होने वाली है और जल्द ही आपकी पैसों से संबंधित समस्याएं भी दूर हो सकती हैं।
सावन में सपने में शिवलिंग देखना बड़ा ही शुभ माना जाता है। ये संकेत है कि आपकी जल्दी ही कोई मनोकामना पूर्ण हो सकती है या फिर आपकी धन से संबंधित परेशानियां दूर होंगी। सपने में भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती को देखने का मतलब है कि आपकी लाइफ में कुछ अच्छा होने वाला है। ऐसा सपना कुंवारे लड़के लड़कियों की शीघ्र शादी होने का संकेत है।
अगर आपको सपने में शिव मंदिर दिखाई दे तो इसका मतलब आपकी तकलीफें दूर होने वाली हैं। अगर आपको तप करते हुए भगवान शंकर नजर आएं तो इससे आपके जीवन के कष्ट दूर होते हैं। चाहे वो वैवाहिक जीवन से संबंधित हो या फिर पैसों से संबंधित। ऐसा सपने देखने पर सुबह उठकर भगवान शिव के मंदिर में जाकर शिवलिंग पर दूध चढ़ाएं।
अगर आप सपने में भोलेनाथ को तांडव करते हुए देखते हैं तो इसका अर्थ है कि आपका फंसा हुआ धन शीघ्र मिल सकता है। सपने में त्रिशूल देखना भी शुभ संकेत है। यदि किसी जातक को सपने में गाय देखाई दे तो यह यश, वैभव, सौभाग्य में वृद्धि आदि का शुभ संकेत देता है। सपने में गाय का दूध निकलते देखने पर धन लाभ होता है। सपने में गड़ा हुआ सोना या कीमती चीजें दिखाई देना अचानक धन लाभ होने का संकेत है।
सपने में स्वयं को फल या फूल खाते हुए देखना भी धन लाभ होने का संकेत है। जो व्यक्ति सपने में किसी को चेक लिखकर देता है, उसे विरासत में धन-संपत्ति मिलने का योग बनता है। सपने में अगर कोई किसी को पैसा उधार देता है तो उसे जल्द ही रूका हुआ पैसा मिल सकता है। सपने में हाथी, घोड़ा, गाय, महल, पहाड़ और पेड़ पर चढ़ना भी भविष्य में धन के आगमन का संकेत माना जाता है।