Dream Interpretation: स्वप्न शास्त्र अनुसार सपने हमें भविष्य में होने वाली घटनाओं के बारे में संकेत देते हैं। शुभ और अशुभ दोनों प्रकार के सपने होते हैं। सपनों के माध्यम से ये भी पता चल जाता है कि आने वाले समय में आप किसी गंभीर बीमारी या दुर्घटना की चपेट में आ सकते हैं। सपने में कौआ देखना अशुभ माना गया है ऐसा सपना किसी गंभीर बीमारी के होने या किसी दुर्घटना के कारण क्षति पहुंचने का संकेत देता है।
सपने में यात्रा करते हुए देखना भी अच्छा नहीं माना जाता है। अगर आप सपने में अपने को या किसी दूसरे व्यक्ति को ढोल बजाते हुए देखते हैं या फिर अपना मुंडन कराते हुए देखते हैं तो यह सपना मृत्यु तुल्य कष्ट पहुंचने का संकेत है। सपने में कोई स्त्री आकर अगर आपको फूलों की माला पहनाए तो इसे भी अशुभ सपना माना गया है। सपने में तेल लगाना और गधे की सवारी करना भी अच्छा नहीं माना गया है। सफेद वस्त्र में स्त्री देखना अशुभ संकेत है। निर्वस्त्र स्त्री का आलिंगन करते हुए सपने में देखना मृत्यु के नजदीक होने का संकेत माना जाता है।
बार बार सपने में मौत या फिर श्मशान देखना मृत्यु के समान कष्ट होने का संकेत है। अगर किसी व्यक्ति को सपने में ऐक्सीडेंट दिखाई दे तो स्वप्नशास्त्र के मुताबिक यह एक खतरनाक सिग्नल है। अगर आपको पेड़ के कटने का सपना दिखाई देता है तो यह आपके भविष्य में किसी बड़े आर्थिक नुकसान या स्वास्थ्य के खराब होने का संकेत है। अगर आप सपने में किसी महिला को काले रंग के वस्त्र पहने देखें तो यह बीमारियों के होने का संकेत है।
अगर स्त्री को सपने में रोते देखते हैं तो आप असल जिंदगी में गंभीर रूप से बीमार पड़ सकते हैं। सपने में यदि कोई मनुष्य अपने शरीर को तेल, घी, दही या दूध से मालिश करता हुआ देखे तो भविष्य में आपको भयंकर रोग हो सकता है। यदि किसी व्यक्ति को सपने में शरीर के अंगों पर घास उगती दिखाई दे तो इसका मतलब है कि आप अगले 3-4 दिन में अस्वस्थ हो सकते हैं।