Dev Uthani Ekadashi 2021: कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को देवोत्थान एकादशी और देवउठनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। इस दिन से चार महीने से रूके हुए सभी मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाते हैं। इस बार ये एकादशी 14 नवंबर को पड़ रही है। मान्यताओं अनुसार इस एकादशी पर भगवान विष्णु अपनी 4 महीने की नींद से जागते हैं। इस दिन तुलसी विवाह (Tulsi Vivah) का आयोजन भी किया जाता है। मान्यता है कि देव उठनी एकादशी के दिन कुछ विशेष उपायों को करने से मनवांछित फल की प्राप्ति होती है।
मान्यता है इस दिन भगवान विष्णु का केसर मिश्रित दूध से अभिषेक करने से सभी मोकामना पूर्ण होती हैं। धन वृद्धि के लिए एकादशी के दिन विष्णु जी को सफेद मिठाई या खीर का भोग लगाएं। उसमें तुलसी के पत्ते भी जरूर डालें। क्योंकि बिना तुलसी के भगवान विष्णु की पूजा अधूरी मानी जाती हैं। देव उठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु को एक नारियल और थोड़े बादाम चढ़ाएं। मान्यता है इस उपाय को करने से अटके हुए काम बनने लग जाते हैं।
भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त करने के लिए इस दिन पीले रंग के कपड़े, पीला अनाज और पीले फल विष्णु जी को अर्पित करें। इसके बाद ये सभी चीजें जरूरतमंदों को दान कर दें। घर परिवार में सुख-शांति के लिए एकादशी के दिन तुलसी के पौधे के सामने गाय के घी का दीपक जलाएं। फिर भगवान विष्णु के मंत्र का जाप करते हुए तुलसी की 11 बार परिक्रमा करें। मान्यता है इससे आने वाला संकट टल जाता है। (यह भी पढ़ें- वृश्चिक राशि में सूर्य और बुध की युति से बनेगा बुधादित्य योग, 3 राशि वालों की धन संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं दूर)
देव उठनी एकादशी के दिन कर्जों से मुक्ति के लिए पीपल के पेड़ की जड़ में जल चढ़ाएं और दीपक जलाएं। इस दिन संभव हो तो गंगा स्नान जरूर करें। इस एकादशी पर जरूरतमंदों को कुछ न कुछ दान अवश्य करें। इस दिन भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी की पूजा अर्चना भी जरूर करें। ऐसा करने से आर्थिक परेशानियां दूर होने की मान्यता है।