5 जून के बाद अगला ग्रहण 21 जून को लगने जा रहा है। यानी इस महीने दो ग्रहण एक साथ पड़े हैं। तो वहीं अगले चंद्र ग्रहण की बात करें तो वह 5 जुलाई को लगेगा। यानी 5 जून के चंद्र ग्रहण के ठीक एक महीने बाद आप फिर से चंद्र ग्रहण देखने का लाभ उठा पाएंगे। खास बात ये है कि ये भी एक उपच्छाया चंद्र ग्रहण ही होगा। इसके बाद 30 नवंबर को साल का आखिरी चंद्र ग्रहण देखने को मिलेगा। जानिए इस साल आने वाले सभी ग्रहण की डिटेल यहां…
21 जून 2020 सूर्य ग्रहण: ये साल 2020 का तीसरा ग्रहण और पहला सूर्य ग्रहण होगा। जो आषाढ़ अमावस्या के दिन लगेगा। भारत के अलावा इस ग्रहण को यूरोप, अफ्रीका, एशिया और ऑस्ट्रेलिया में देखा जा सकेगा। ज्योतिष अनुसार इस ग्रहण का असर लंबे समय तक रहेगा। ग्रहण की शुरुआत 21 जून की सुबह 10:31 AM के करीब हो जाएगी और इसकी समाप्ति 02:04 PM पर होगी।
5 जुलाई 2020 चंद्र ग्रहण: इस ग्रहण की शुरुआत सुबह 08:38 AM से हो जाएगी और इसकी समाप्ति 11:21 AM पर होगी। अमेरिका, दक्षिण पूर्व यूरोप और अफ्रीका में इस ग्रहण को देखा जा सकेगा।
30 नवंबर 2020 चंद्र ग्रहण: इस उपच्छाया चंद्र ग्रहण की शुरुआत 01:04 PM बजे से होगी और इसकी समाप्ति 05:22 PM पर। जबकि 03:13 PM पर ग्रहण अपने पूर्ण प्रभाव में होगा। ग्रहण काल की कुल अवधि 04 घंटे 18 मिनट की रहेगी। भारत, अमेरिका, प्रशांत महासागर, एशिया और ऑस्ट्रेलिया में इसे देखा जा सकेगा।
14 दिसंबर 2020 सूर्य ग्रहण: ये सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखाई देगा। इसे प्रशांत महासागर में देखा जायेगा। ग्रहण की शुरुआत शाम 07:03 बजे से होगी और समाप्ति रात करीब 12 बजे।
कैसे लगता है चंद्र ग्रहण और सूर्य ग्रहण? वैज्ञानिक दृष्टि से देखें तो यह एक खगोलीय घटना है। सूर्य ग्रहण तब होता है जब चन्द्रमा, पृथ्वी और सूर्य के मध्य से होकर गुजरता है, वहीं चंद्र ग्रहण तब लगता है जब चंद्रमा पृथ्वी के ठीक पीछे उसकी प्रच्छाया में आ जाता है। चंद्र ग्रहण का सूतक काल ग्रहण लगने से ठीक 9 घंटे पहले शुरू हो जाता है, वहीं सूर्य ग्रहण का सूतक ग्रहण से 12 घंटे पहले।

