Lunar Or Solar Eclipse 2020: इस साल कुल 6 ग्रहण हैं। जिनमें से 4 ग्रहण बीते समय में लग चुके हैं। अब दो ग्रहण लगने बाकी हैं। एक होगा चंद्र ग्रहण तो दूसरा सूर्य ग्रहण। ग्रहण को लेकर लोगों में काफी उत्सुक्ता रहती है। वैज्ञानिक दृष्टि से देखें तो यह एक खगोलीय घटना है। सूर्य ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बीच में आ जाता है तो वहीं चंद्र ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा पृथ्वी की प्रच्छाया में आ जाता है। जानिए साल के आखिरी दो ग्रहण की डिटेल…

30 नवंबर को लगेगा चंद्र ग्रहण: इस साल लगने वाले 4 चंद्र ग्रहण में से 3 पहले ही लग चुके हैं। अब साल का आखिरी चंद्र ग्रहण बचा है। जो 30 नवंबर को लगेगा। इस ग्रहण का सूतक काल मान्य नहीं होगा। क्योंकि ये एक उपच्छाया चंद्र ग्रहण होगा। भारत, अमेरिका, प्रशांत महासागर, एशिया और ऑस्ट्रेलिया में इस ग्रहण को देखा जाएगा। इसके बाद अगला चंद्र ग्रहण 26 मई को 2021 में लगेगा। भारतीय समय के अनुसार ग्रहण की शुरुआत 01.04 PM बजे से होगी और इसकी समाप्ति 05.22 PM पर होगी। ग्रहण दोपहर 03.13 PM पर अपने पूर्ण प्रभाव में रहेगा।

14 दिसंबर को लगेगा सूर्य ग्रहण: ये साल का दूसरा सूर्य ग्रहण और आखिरी ग्रहण भी है। भारत में ये ग्रहण दिखाई नहीं देगा। ये ग्रहण पैसेफिक, साउथ अमेरिका और अंटार्कटिका में दिखेगा। अगला सूर्य ग्रहण 10 जून 2021 में लगेगा। ग्रहण की शुरुआत 14 दिसंबर में शाम 07.03 बजे से हो जाएगी और इसकी समाप्ति 15 दिसंबर में रात 12 बजे के आस पास होगी।

ग्रहण को लेकर धार्मिक मान्यताएं: ग्रहण काल का सूतक लगने से पहले खाने पीने की चीजों में तुलसी डालकर रख दी जाती है। कहा जाता है कि इससे खाने-पीने की चीजें दूषित नहीं होती हैं। ग्रहण काल में गर्भवती महिलाओं को अपना विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। कहा जाता है कि गर्भवती महिला को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। ग्रहण की समाप्ति के बाद पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान कर लेना चाहिए। ग्रहण के बाद दान पुण्य के काम करना फलदायी माना जाता है।