Chanakya Niti About Money: आचार्य चाणक्य ने धन से संबंधित कई प्रकार की नीतियां बताई हैं। जिसका अनुसरण कर आप अपने जीवन को सरल और सुखमय बना सकते हैं। चाणक्य कहते हैं कि व्यक्ति के अंदर कुछ गलत आदतों के होने से मां लक्ष्मी उनका साथ छोड़ देती हैं। जिससे जीवन संकटों से घिर जाता है। तो ऐसे में इन गलत आदतों का साथ तुरंत छोड़ देना चाहिए।

चाणक्य के अनुसार धन की देवी लक्ष्मी का स्वभाव चंचल होता है। इसलिए लक्ष्मी जी कभी एक स्थान पर अधिक समय तक नहीं टिकतीं। चाणक्य अनुसार जो व्यक्ति जीवन में धन का संचय और उचित प्रबंधन नहीं कर पाता है उसे जीवन भर आर्थिक संकटों से जूझना पड़ता है। चाणक्य कहते हैं कि धन उसी के पास टिकता है जिसमें अच्छे गुण हैं। गलत आचरण करने वाले व्यक्ति के पास से धन बहुत जल्दी चला जाता है। इसलिए गलत काम करने से व्यक्ति को बचना चाहिए।

क्रोध में व्यक्ति अपना नुकसान खुद कर लेता है। चाणक्य कहते हैं लक्ष्मी ऐसे लोगों के पास कभी नहीं ठहरतीं जो क्रोध करते हैं। क्रोध करने वाले व्यक्ति स्वयं पर नियंत्रण नहीं कर पाते और सभी लोग भी इनसे दूरी बनाना शुरू कर देते हैं।

दूसरों का अपमान करने वाले व्यक्ति से भी लक्ष्मी नाराज रहती हैं। अपमान करने से शत्रुता पनपती है और अपयश प्राप्त होता है। इसलिए इस आदत से भी बचना चाहिए। लक्ष्मी लालच करने वाले व्यक्तियों के पास भी नहीं ठहरतीं। लालच परेशानियों की जड़ है। जो लोग लालच करते हैं और दूसरे की तरक्की से हमेशा जलते रहते हैं उनके पास भी लक्ष्मी ज्यादा समय तक नहीं रहतीं।

जो लोग गंदे कपड़े पहनते हैं, साफ-सफाई से नहीं रहते, उन्हें महालक्ष्मी त्याग देती हैं। इसी के साथ जो लोग दांतों की सफाई नहीं रखते उन पर भी मां लक्ष्मी की कृपा कही नहीं बनती। जिन लोगों का खाने पर नियंत्रण नहीं रहता और जो लोग जरूरत से ज्यादा खाना खाते हैं उनसे मां लक्ष्मी दूरी बना लेती हैं। आलसी व्यक्ति, कठोर वचन बोलने वाले और सूर्योदय और सूर्यास्त के समय सोने वाले व्यक्तियों से भी मां लक्ष्मी नाराज हो जाती हैं।