Planet Transit In Sawan 2021: सावन महीने की शुरुआत होते ही शिव भक्तों के अंदर उत्साह फूट पड़ता है। क्योंकि ये महीना महादेव की अराधना के लिए विशेष माना गया है। सावन हिंदू वर्ष का पांचवा महीना है। इस महीने कई बड़े ग्रह जैसे बुध, सूर्य और शुक्र अपना राशि परिवर्तन करने जा रहे हैं। इसी दौरान सिंह राशि में बुध और सूर्य के एक साथ होने से बुधादित्य योग का भी निर्माण होगा। जानिए कब कौन सा ग्रह बदल रहा है राशि और कौन सी राशियां इससे होंगी प्रभावित…

बुध का कर्क राशि में गोचर: सावन महीने की शुरुआत के साथ ही यानी 25 जुलाई को बुध ग्रह का राशि परिवर्तन हो गया है। बुध ग्रह ने 25 जुलाई दिन रविवार को सुबह 11 बजकर 31 मिनट पर चंद्रमा के स्वामित्व वाली राशि कर्क में प्रवेश किया है। बुध इस राशि में 09 अगस्त 2021 तक रहेगा। इसके बाद बुध सूर्य के स्वामित्व वाली राशि सिंह में गोचर करने लगेगा।

बुध का सिंह राशि में गोचर: सावन महीने में ही दूसरी बार बुध फिर से राशि परिवर्तन करेगा। ये राशि गोचर 09 अगस्त 2021 को सुबह 01 बजकर 23 मिनट पर सूर्य के स्वामित्व वाली राशि सिंह में होगा। इस राशि में बुध 26 अगस्त 2021 तक विराजमान रहेंगे और इसके बाद कन्या में गोचर कर जाएंगे।

शुक्र का कन्या राशि में गोचर: सावन महीने का तीसरा गोचर 11 अगस्त को होगा। इस दौरान शुक्र ग्रह बुध के स्वामित्व वाली राशि कन्या में प्रवेश कर जाएगा और 06 सितंबर 2021 तक इसी राशि में स्थित रहेगा। इसके बाद यह अपनी स्वराशि तुला में गोचर करेगा। (यह भी पढ़ें- 2021 से 2025 तक कब किस राशि पर रहेगी शनि ढैय्या और कौन सी राशियां इससे रहेंगी मुक्त, जानिए)

सूर्य का सिंह राशि में गोचर: सावन महीने का चौथा गोचर 17 अगस्त 2021 को होगा। इस दिन सूर्य देर रात 01 बजकर 05 मिनट पर कर्क राशि से सिंह राशि में प्रवेश कर जाएगा। सूर्य अपनी स्वराशि में 17 सितंबर 2021 तक रहेगा। इसके बाद यह बुध के स्वामित्व वाली राशि कन्या में गोचर करने लगेगा। (यह भी पढ़ें- अगस्त में मेष, वृषभ समेत इन राशियों को करियर में जबरदस्त लाभ होने की संभावना, देखें क्या आपकी राशि है इसमें शामिल?)

ज्योतिष अनुसार देश दुनिया पर ग्रह गोचर का असर: ज्योतिष अनुसार सावन का महीना आर्थिक लिहाज से देश-दुनिया के लिए अनुकूल रहने की संभावना है। देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम के लिहाज से ये महीना मिला-जुला रहने के आसार दिखाई दे रहे हैं। देश के कई हिस्सों में अत्यधिक वर्षा हो सकती है वहीं कहीं बारिश की कमी दिखाई देगी। राजनीति के लिहाज से यह महीना सत्ताधारी पार्टी के लिए मुश्किल हो सकता है। हालांकि सूर्य के सिंह राशि में गोचर करने के बाद से स्थिति में सुधार होने की भी संभावना है।

सावन में बनेगा बुधादित्य योग: 09 अगस्त 2021 को बुध का गोचर सिंह राशि में होगा और सूर्य भी 17 अगस्त 2021 को सिंह राशि में गोचर करने लगेगा जिससे 17 अगस्त से लेकर 26 अगस्त तक सिंह राशि में बुधादित्य योग का निर्माण होगा। ज्योतिष अनुसार ये योग बेहद ही शुभ माना जाता है। इस योग का खास प्रभाव सिंह राशि के जातकों पर पड़ेगा।

ये राशियां होंगी प्रभावित: सावन के महीने में बुध, शुक्र और सूर्य के गोचर का सभी राशियों पर प्रभाव पड़ेगा। लेकिन मुख्य रूप से इन गोचर से कर्क राशि, सिंह राशि और कन्या राशि के जातक प्रभावित हो सकते हैं। इन तीनों ही राशियों के लिए ये गोचर शुभ साबित हो सकता है। धन लाभ के प्रबल आसार रहेंगे।