हैदराबाद में रविवार को एक महिला डांसर के साथ पिटाई और उसके कपड़े उतारने का मामला सामने आया। आरोप है कि रविवार को एक कस्टमर के साथ शारीरिक संबंध बनाने से मना करने पर एक महिला डांसर को उसकी चार महिला साथियों और एक व्यक्ति ने पिटाई की।

इसके अलावा महिला डांसर के कपड़े भी उतारे। पंजागुट्टा पुलिस ने इस मामले में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। वहीं इस घटना में शामिल व्यक्ति अभी फरार चल रहा है। पुलिस का कहना है कि वह महिला डांसर की शिकायत के बाद कार्रवाई कर रहे हैं।

इससे पहले अपनी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया था कि उसने कुछ महीने पहले बेगमपेट के एक बार में नौकरी शुरू की थी। कुछ समय बाद बार के प्रबंधन ने उससे कस्टमर के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए जोर डाला। ऐसा करने के मना करने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके बाद उसकी चार महिला सहकर्मियों और एक आदमी ने उसके कपड़े उतार डाले।

पीड़ित ने कहा कि उन पांचों ने मिलकर मेरी पिटाई भी की। पंजागुट्टा पुलिस ने कहा, ‘हाल ही में उसके बार प्रबंधन ने उससे कस्टमर के यहां जाने और उसके साथ सेक्सुअल एक्टिविटी करने के लिए कहा था।’ आरोपियों के खिलाफ महिला के शील भंग करने के उद्देश्य से उसका उत्पीड़न करने उसे जानबूझकर चोट पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। घटना के बारे में तेलंगाना के डीजीपी महेंदर रेड्डी ने कहा कि उन्होंने इस बारे में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला बार में गैरकानूनी ढंग से काम कर रही थी। इससे पहले वह फिल्म इंडस्ट्री में जूनियर आर्टिस्ट के रूप में काम करती थी। आर्थिक तंगी से परेशान होकर उसने इस बार में नौकरी शुरू की थी। इससे पहले पीड़ित डांसर ने बताया कि जब वह पुलिस के पास अपनी शिकायत लेकर पहुंची तो पुलिस भी उसकी मदद करने को तैयार नहीं थी.