अगर आप यमुना एक्सप्रेस-वे (Yamuna Expressway) से सफर करते हैं तो यह खबर आपके काफी काम की है। 15 दिसंबर से यमुना एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगने जा रहा है। सर्दियां शुरू होते ही कोहरे के कारण एक्सप्रेस-वे पर विजिबिलिटी कम हो जाती है। ऐसे में एक्सीडेंट का खतरा बढ़ा जाता है। ओवर स्पीडिंग की वजह से जो दुर्घटना होती है, उसमें मौत का खतरा ज्यादा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे विकास प्राधिकरण की ओर से यह फैसला लिया गया है।

कितनी होगी स्पीड लिमिट?

15 दिसंबर से 15 फरवरी 2024 तक एक्सप्रेस-वे पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले वाहनों की स्पीड घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। वहीं ट्रक बस आदि भारी वाहनों की स्पीड को 60 किलो मीटर प्रति घंटा करने का फैसला किया गया है। लोगों को इसकी जानकारी देने के लिए जगह-जगह साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं। वहीं अगर तय की गई स्पीड से ज्यादा स्पीड पर कोई वाहन चलाता है तो उसका चालान किया जाएगा।

कैमरे से होगा चालान

ओवर स्पीड वाहनों पर लगाम लगाने के लिए एक्सप्रेस-वे पर जगह-जगह कैमरे लगाए जा रहे हैं। जो भी वाहन स्पीड लिमिट का उल्लंघन करेगा, उसका चालान काटा जाएगा। वाहन चालकों को दुर्घटनाओं से बचाने के लिए कोहरे में सुरिक्षत यात्रा के उपायों से संबंधित पैंफलेट्स यमुना एक्सप्रेस-वे के एंट्री/एग्जिट, टोल प्लाजाओं और रोड साईड फैसिलिटीज पर बंटवाया जाएंगें। इसके साथ ही टोल प्लाजा पर पीए सिस्टम के माध्यम से अनाउंसमेंट करवाई जाएगी।

हर साल होते हैं हादसे

बता दें कि सर्दियों में कोहरे और तेज रफ्तार के कारण यमुना एक्सप्रेस-वे पर कई सड़क हादसे होते हैं। इसमें लोगों की जान चली जाती है। हादसों को लेकर कई बार सवाल भी उठ चुके हैं। इस बार प्राधिकरण ने पहले ही स्पीड लिमिट को कम करने के लिए लोगों को जानकारी देनी शुरू कर दी है।