उत्तर प्रदेश की रामपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार (23 जून, 2022) को वोटिंग चल रही है। इस बीच सपा नेता आजम खान की पत्नी तजीन फातिमा ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मतदान से पहले ही पुलिस ने उनके कार्यकर्ताओं को उठा लिया। बता दें कि इस सीट पर समाजवादी पार्टी और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला है।
तजीन फातिमा यहां वोट डालने के लिए आई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके काफी कार्यकर्ताओं को उठाया गया, ज्यादातर पर गुंडा एक्ट लगाया और कई को शहरबदर किया गया। तजीन फातिमा के मुताबिक, बुधवार से ही सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस थाने में लेकर जा रही है।
वहीं, आजम खान को लेकर उन्होंने कहा कि जनता देख रही है कि एक बेगुनाह शख्स को 27 महीने जेल में रखा गया। रामपुर की ही नहीं पूरा हिंदुस्तान देख रहा है। उन्होंने रामपुर सीट पर समाजवादी पार्टी की जीत का दावा किया है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की रामपुर और आजमगढ़ दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए आज वोटिंग की जा रही है। इन चुनावों के चलते पिछले कुछ दिनों से यूपी की सियासत में काफी हलचल मची हुई है। रामपुर सीट पर चुनाव काफी दिलचस्प माना जा रहा है क्योंकि यहां आजम खान की साख दांव पर लगी हुई है। समाजवादी पार्टी ने आसिम रजा को प्रत्याशी बनाया है, जो आजम खान के करीबी हैं।
आजम ने रजा के समर्थन खूब जनसभाएं कीं और जनता से उनके समर्थन में वोट करने की अपील की। वहीं, बीजेपी उम्मीदवार घनश्याम लोधी भी आजम खान के करीबी रह चुके हैं। हालांकि, फिलहाल उनके रिश्त उतने अच्छे नहीं हैं, लेकिन लोधी की गिनती कभी आजम के बेहद करीबी लोगों में होती थी।
वहीं, दूसरी लोकसभा सीट आजमगढ़ पर भी आज मतदान हो रहा है। यहां बीजेपी, सपा और बीएसपी के बीच मुकाबला है। बीजेपी ने इस सीट पर दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, सपा ने धर्मेंद्र यादव और बीएसपी ने गुड्डू जमाली को अपना प्रत्याशी बनाया है।