आज़मगढ़ के रानी की सराय कस्बे के रुदरी मोड़ पर लगी 33 साल पुरानी शिव मूर्ति को तोड़ने के मामले में जिले की पुलिस ने एक शक्स को गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस शख्स ने पुलिस को दिये अपने बयान में कहा है कि जब पीके फिल्म में आमिर खान ने भगवान शिव का अपमान किया था तब तो किसी ने हंगामा नहीं किया तो फिर मैंने मूर्ति तोड़ दी तो इतना हल्ला क्यों मचा रहे हैं। आपको बता दें कि बुधवार 26 जुलाई की रात रुदरी मोड़ पर 1984 से स्थापित शिव प्रतिमा को खंडित कर दिया गया। अगले दिन ये खबर पूरे इलाके में फैल गई। घटना की जानकारी होने पर धीरे-धीरे बाजारवासियों के अलावा आसपास गांव के लोग भी जुट गए। लोग तत्काल नई प्रतिमा लगवाने और दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। पुलिस की काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को शांत कराया गया।

घटना के एक दिन बाद पुलिस ने शिव की मूर्ति तोड़ने वाले को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार शख्स का नाम चंद्रकांत सरोज है। पुलिस के मुताबिक चंद्रकांत दिमागी तौर पर बीमार है। पुलिस ने ये भी बताया कि पिछले महीने भी इसने इलाके में एक शिव प्रतिमा तोड़ी थी। चंद्रकांत सरोज के घरवालों ने पुलिस को बताया कि उनका लड़का मानसिक रोगी है। घरवालों के मुताबिक उसके जीवन में इतनी बुरी-बुरी घटनाएं हुईं कि वो भगवान शंकर से चिढ़ने लगा है।

आपको बता दें कि श्रावण मास में भगवान शिव की प्रतिमा तोड़ने से साम्प्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता था। क्षेत्र के लोगों का मानना था कि इस तरह की घटना को दूसरे धर्म के लोगों ने अंजाम दिया है। हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माहौल बिगड़ने से रोक लिया।