यूपी के शाहजहांपुर में बहन को बचाने पर भाई को कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर जिंदा जलाने का मामला सामना आया है। मामला शुक्रवार सुबह का बताया जा रहा है। आग में झुलसे पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों की धर पकड़ शुरू कर दी है।

यह मामला जिले के सौपरी गांव का है। जिला अस्पताल में भर्ती आधे से ज्यादा जल चुके पीड़ित सूरज ने बताया कि गुरुवार रात को चार लोग हमारे घर के बाहर शराब पी रहे थे और गलत भाषा का प्रयोग कर रहे थे। जब मैंने उन्हें कहा कि वो यहां से चले जाए क्योंकि मेरे घर में छोटी बहन है और इस तरह का व्यवहार गलत है, तो वह उससे झगड़ने लगे। पीड़ित ने बताया कि उसके मना करने के बावजूद भी वे लोग नहीं गए और उसके घर के अंदर घुस गए। उन्होंने बहन के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। मैं उनसे लड़ रहा था और उसी दौरान पड़ोसी एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए।

[jwplayer RX1JnFVT]

हालांकि, शुक्रवार सुबह जब लड़का अपने घर से निकल रहा था, उसी दौरान घात लगाकर इंतजार कर रहे आरोपियों ने उस पर (पीड़ित) हमला कर दिया। हमलावरों पर आरोप है कि उन्होंने पीड़ित के साथ मारपीट की और उसके बाद मिट्टी का तेल छिड़क कर आग के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने आग बुझाई और लड़के को अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने इस मामले में धारा 307 (हत्या करने की कोशिश) और धारा 452 (घर में अनाधिकार प्रवेश करके चोट पहुंचाने और मारपीट करने) के तहत मामला दर्ज किया है।